नालंदा में मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन, अर्धनिर्मित राइफल-बैरल समेत हथियार बनाने के भारी सामान बरामद; एक गिरफ्तार

Share

नालंदा/बिहारशरीफ, 29 अगस्त । नालंदा जिले के करायपरसुराय थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को एक कथित मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया। पुलिस ने अगारपर गांव में छापेमारी कर हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में सामान और औजार बरामद किए हैं। मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान अगारपर निवासी रंजीत बिन्द, पिता सरयुग बिन्द के रूप में हुई है।

गुप्त सूचना पर घर की घेराबंदी कर छापेमारी

पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त की मध्यरात्रि करायपरसुराय थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि अगारपर गांव निवासी रंजीत बिन्द अवैध आग्नेयास्त्रों के निर्माण और कारोबार में संलिप्त है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसके घर की घेराबंदी की और विधिवत तलाशी ली।

तलाशी के दौरान मिट्टी और बालू में गाड़कर छिपाए गए हथियार निर्माण से संबंधित सामान और औजार बरामद किए गए।

अर्धनिर्मित राइफल समेत हथियार बनाने का सामान बरामद

पुलिस ने मौके से एक अर्धनिर्मित राइफल बरामद की, जिस पर मैगजीन लगी हुई थी। इसके अलावा छह लोहे के बैरल, दो लोहे के मैगजीन, छह मैगजीन स्प्रिंग और एक कॉकिंग हैंडल भी मिले।

पुलिस के मुताबिक, छापेमारी में कुल 24 प्रकार के सामान और औजार बरामद किए गए। इनमें 27 लोहे के पंच शामिल हैं, जिन पर A से Z तक अक्षर और ‘&’ का निशान अंकित है।

भट्ठी और कटर मशीन भी मिली

छापेमारी के दौरान पुलिस ने हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली एक लोहे की भट्ठी और बीओएस सीएच कंपनी की कटर मशीन भी बरामद की। भट्ठी पर ‘शिवम् हैंड वोलर’ अंकित है।

इसके अलावा लकड़ी के तीन राइफल बट, लकड़ी की एक राइफल बॉडी, मैगजीन लॉक, रबर का बट बेस, करीब डेढ़ फीट रबर का टुकड़ा, लोहे का हथौड़ा, दो रुखानी, लोहे का कैप, रेती, तीन छोटी प्लेट, मास्टर रिंच और छेनी समेत अन्य सामान बरामद किया गया।

पुलिस ने छेनी में धार करने वाला पत्थर, लोहे का पतला शुंभा, दो कॉकिंग हैंडल के नट, मैगजीन के आकार में बना लोहे का प्लेट और एलन भी जब्त किया है।

आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज

बरामदगी के आधार पर करायपरसुराय थाना में कांड संख्या 189/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने धारा 25(1-AA) एवं 26(1)(II) शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राथमिकी में नामजद रंजीत बिन्द को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और अवैध हथियार निर्माण तथा कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस टीम को मिली कार्रवाई में सफलता

मिनी गन फैक्ट्री के उद्भेदन में करायपरसुराय थानाध्यक्ष पु.अ.नि. सुशील पासवान, पु.अ.नि. राजेश कुमार यादव, स.अ.नि. संतन कुमार, सिपाही 2309 नीरज सहनी, सिपाही 2448 राजा कुमार सहित थाना के अन्य सशस्त्र बल शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031