धनबाद में भू-धसान का कहर: छाताबाद में 20 घर जमींदोज, ब्लास्टिंग के बाद मची अफरा-तफरी, 8 लोग घायल

Share

धनबाद, 07 अगस्त — धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र स्थित छाताबाद में शुक्रवार दोपहर भू-धसान की बड़ी घटना सामने आई। अचानक जमीन धंसने से करीब 20 घर जमींदोज हो गए। इस हादसे में एक दो मंजिला मकान भी देखते ही देखते जमीन में समा गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में करीब आठ लोगों के घायल होने की सूचना है, जिनका इलाज अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्रों में चल रहा है।

ब्लास्टिंग के बाद जमीन में महसूस हुआ कंपन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब ढाई बजे स्थानीय कोयला खदान में ब्लास्टिंग के कुछ देर बाद जमीन में तेज कंपन महसूस हुआ। इसके बाद अचानक बड़े इलाके में जमीन फटने लगी और कई मकान धंस गए। देखते ही देखते लोग अपने घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

स्थानीय लोगों ने चलाया राहत अभियान
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर मलबे और धंसे हुए मकानों से लोगों को बाहर निकाला। हादसे में घायल हुए करीब आठ लोगों को इलाज के लिए निजी अस्पतालों में भेजा गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

बीसीसीएल के खिलाफ लोगों में आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों में बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने आरोप लगाया कि खदानों में लगातार हो रही ब्लास्टिंग और भूमिगत खनन के कारण यह हादसा हुआ है।

वार्ड संख्या-2 के पार्षद मोहम्मद शहाबुद्दीन ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में ब्लास्टिंग और खनन गतिविधियों को लेकर खतरा बना हुआ था। उन्होंने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उचित मुआवजे की मांग की।

डेंजर जोन घोषित, प्रभावित परिवार सुरक्षित स्थानों की ओर रवाना
हादसे के बाद प्रभावित परिवार अपने बचे हुए सामान को लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने एहतियात के तौर पर घटनास्थल को डेंजर जोन घोषित कर बैरिकेडिंग कर दी है। प्रशासन और सुरक्षा टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930