– हत्या के कारणों और परिस्थितियों की जांच में जुटी पुलिस
देवघर, 09 सितंबर। चितरा थाना क्षेत्र के शिमला पंचायत अंतर्गत करमचंद गांव में एक महिला की हत्या कर शव को घर के समीप खेत की झाड़ियों में दफनाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान सोनमुनि मुर्मू (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में उसके पति हीरालाल मरांडी (43) को गिरफ्तार कर लिया है।
पति पर हत्या का आरोप
आरोप है कि हीरालाल मरांडी ने सात-आठ सितंबर की रात अपनी पत्नी सोनमुनि मुर्मू की हत्या कर दी और शव को घर के समीप खेत में स्थित झाड़ियों के बीच दफना दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद चितरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने दंडाधिकारी की मौजूदगी में जमीन की खुदाई कर दफनाए गए शव को बाहर निकलवाया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद महिला की मौत के कारणों से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
हत्या के कारणों की जांच जारी
पुलिस हत्या के कारणों और घटना के पीछे की परिस्थितियों की गहन जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला की हत्या किन परिस्थितियों में और किस तरीके से की गई। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस बल रहा मौजूद
घटनास्थल पर कार्रवाई के दौरान प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी विभाष कुमार, पालोजोरी के पुलिस निरीक्षक सुकांत त्रिपाठी, चितरा थाना प्रभारी प्रियरंजन कुमार, एसआई शेतलाल बारला, एएसआई निर्भय कुमार सिंह सहित पुलिस बल मौजूद रहा।






