बादलपाड़ा-कल्याणपुर में ग्रामसभा के दौरान शुरू हुआ विरोध उग्र, पुलिस पर पथराव; दो जवानों की हालत गंभीर, एक का पैर टूटा
दुमका, 23 नवंबर । झारखंड के दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र स्थित बादलपाड़ा-कल्याणपुर में प्रस्तावित कोल ब्लॉक के सर्वे और बोरिंग को लेकर ग्रामीणों तथा पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई। रविवार को ग्रामसभा के दौरान शुरू हुआ विरोध देखते ही देखते उग्र हो गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया, जिसमें 12 जवान घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक जवान का पैर टूट गया है, जबकि कई पुलिसकर्मियों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
घटना के बाद सभी घायलों को पहले शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद कई जवानों को बेहतर इलाज के लिए दुमका सदर अस्पताल रेफर किया गया। प्रस्तावित कोल माइंस के सर्वे और बोरिंग का ग्रामीण विरोध कर रहे थे।
ग्रामसभा में कोल माइंस के सर्वे को लेकर हुआ विरोध
पुलिस के अनुसार, बादलपाड़ा-कल्याणपुर में प्रस्तावित कोल ब्लॉक के सर्वे और बोरिंग को लेकर रविवार को ग्रामसभा आयोजित की गई थी। इसमें संबंधित कोल कंपनी के अधिकारी भी शामिल होने पहुंचे थे। ग्रामसभा के दौरान ग्रामीणों ने प्रस्तावित कोल माइंस का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विरोध और हंगामा बढ़ने लगा, जिससे वहां तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
इसी बीच कंपनी के अधिकारियों को ग्रामीणों द्वारा बंधक बनाए जाने की सूचना पुलिस और प्रशासन को मिली। सूचना मिलने पर शिकारीपाड़ा से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन विरोध कम नहीं हुआ।
रात 11 बजे पुलिस केंद्र से भेजा गया अतिरिक्त बल
मौके पर बिगड़ते हालात और अतिरिक्त पुलिस बल की आवश्यकता को देखते हुए प्रशासन ने और जवानों को बुलाने का निर्णय लिया। रात करीब 11 बजे दुमका के विजयपुर स्थित पुलिस केंद्र से रैप के तीन दर्जन से अधिक महिला और पुरुष जवानों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने के बाद भी तनाव की स्थिति बनी रही। इसी दौरान रात के अंधेरे में पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू हो गया। अचानक हुए हमले में 12 जवान घायल हो गए। पथराव के कारण पुलिसकर्मियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और कई जवानों को गंभीर चोटें आईं।
एएसआई समेत 12 पुलिसकर्मी घायल
इस झड़प में शिकारीपाड़ा थाना के एएसआई सोमाय किस्कू सहित 12 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घायलों में फूल कुमार यादव, आनंद मुर्मू, चार्लेस मुर्मू, सनोज मरांडी, सुजीत सोरेन, अनिल दास, शिवजी यादव, श्याम सुंदर साह, अल्बर्ट एक्का, दीप नारायण मंडल और सुनील हांसदा शामिल हैं।
घायलों में दो जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक जवान का पैर टूट गया है, जबकि कुछ पुलिसकर्मियों के सिर में चोट लगी है। सभी को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। प्राथमिक उपचार के बाद कई जवानों को दुमका सदर अस्पताल भेजा गया।

डीडीसी और सिविल सर्जन ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलने के बाद डीडीसी सह प्रभारी उपायुक्त अनिकेत सचान और सिविल सर्जन दुमका सदर अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायल पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती जवानों के इलाज और उनकी स्थिति की जानकारी भी ली। गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मियों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
हंगामा करने वालों की पहचान में जुटा प्रशासन
डीडीसी सह प्रभारी उपायुक्त अनिकेत सचान ने बताया कि कोल माइंस के लिए आयोजित ग्रामसभा के दौरान हंगामा हुआ और पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल हंगामा करने वालों की पहचान की जा रही है।
फिलहाल प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। प्रस्तावित कोल ब्लॉक के सर्वे और बोरिंग को लेकर ग्रामीणों के विरोध के बीच हुई इस झड़प के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।






