नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को 200 नई इलेक्ट्रिक बसों और दिल्ली-रोहतक अंतरराज्यीय बस सेवा को ईस्ट विनोद नगर डिपो में आयोजित कार्यक्रम में हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
हरित और स्मार्ट परिवहन की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी को हरित, स्मार्ट और स्वच्छ बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। 200 नई इलेक्ट्रिक बसों के शामिल होने से डीटीसी के बेड़े की संख्या बढ़कर लगभग 6300 बसों तक पहुंच गई है।
ईवी बसों की संख्या तेजी से बढ़ी
उन्होंने बताया कि दिल्ली में ईवी बसों की संख्या 4500 से अधिक हो चुकी है और वर्ष 2026 के अंत तक इसे 7000 तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार सार्वजनिक परिवहन को पूरी तरह इलेक्ट्रिक बनाने के लिए मिशन मोड में काम कर रही है।
नए बस टर्मिनल और प्रशासनिक भवन का उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मदनपुर खादर में नए बस टर्मिनल का लोकार्पण किया और डीटीसी ईस्ट विनोद नगर डिपो में नए प्रशासनिक भवन का उद्घाटन भी किया।
दिल्ली-रोहतक बस सेवा शुरू
नई अंतरराज्यीय बस सेवा आईएसबीटी कश्मीरी गेट और पीरागढ़ी चौक से होकर चलेगी। इस रूट में टिकरी बॉर्डर, बहादुरगढ़, रोहद, सांपला और रोहतक बस स्टैंड जैसे प्रमुख पड़ाव शामिल हैं।
यह पहल राजधानी में प्रदूषण-मुक्त सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।






