दांतों से कलम पकड़कर फैजानुल्लाह ने मैट्रिक में हासिल किए 93.8% अंक, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने विधानसभा में किया सम्मानित

Share

सेरेब्रल पाल्सी की चुनौती को दी मात, मुंह से लिखकर झारखंड बोर्ड परीक्षा में रचा सफलता का कीर्तिमान; मुख्यमंत्री ने आगे की पढ़ाई के लिए हरसंभव मदद का दिया भरोसा

रांची, 26 नवंबर । शारीरिक चुनौतियां अगर हौसले के सामने छोटी पड़ जाएं, तो सफलता की नई इबारत लिखी जा सकती है। इस बात को गोड्डा के दिव्यांग छात्र मो. फैजानुल्लाह ने अपनी मेहनत, लगन और अदम्य इच्छाशक्ति से साबित कर दिखाया है। सेरेब्रल पाल्सी जैसी चुनौती से जूझते हुए दांतों में कलम दबाकर परीक्षा लिखने वाले फैजानुल्लाह ने झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) की मैट्रिक परीक्षा-2026 में 93.8 प्रतिशत अंक हासिल कर असाधारण उपलब्धि दर्ज की है।

अपनी इस प्रेरणादायक सफलता के बाद फैजानुल्लाह ने गुरुवार को झारखंड विधानसभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने छात्र की उपलब्धि, संघर्ष और शिक्षा के प्रति उसके समर्पण की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने फैजानुल्लाह को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आगे की पढ़ाई और अन्य आवश्यकताओं के लिए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

दांतों में कलम दबाकर लिखी सफलता की कहानी

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान मो. फैजानुल्लाह ने अपनी पढ़ाई और परीक्षा से जुड़ी चुनौतियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित हैं और सामान्य तरीके से हाथों से लिखने में सक्षम नहीं हैं। इसके बावजूद उन्होंने पढ़ाई जारी रखी और दांतों के बीच पेन दबाकर मुंह से लिखने का अभ्यास किया।

इसी कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास के दम पर उन्होंने जैक की मैट्रिक परीक्षा में 93.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। फैजानुल्लाह यूएचएस शिवाजीनगर, गोड्डा के छात्र रहे हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत मेहनत का परिणाम है, बल्कि उन सभी विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा है, जो किसी न किसी शारीरिक चुनौती के कारण अपनी पढ़ाई में कठिनाइयों का सामना करते हैं।

होम-बेस्ड एजुकेशन से जारी रखी पढ़ाई

फैजानुल्लाह की शैक्षणिक यात्रा में राज्य सरकार की समावेशी शिक्षा व्यवस्था की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। जानकारी के अनुसार, उन्होंने होम-बेस्ड एजुकेशन (एचबीई) के माध्यम से अपनी पढ़ाई जारी रखी। इस व्यवस्था के तहत शारीरिक रूप से विशेष जरूरत वाले बच्चों को उनकी परिस्थितियों के अनुरूप शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जाता है।

फैजानुल्लाह ने अपनी शारीरिक सीमाओं को पढ़ाई के रास्ते की बाधा नहीं बनने दिया। नियमित मेहनत, अभ्यास और दृढ़ संकल्प के सहारे उन्होंने मैट्रिक परीक्षा में शानदार परिणाम हासिल किया। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि अनुकूल शैक्षणिक व्यवस्था, सही मार्गदर्शन और विद्यार्थी की इच्छाशक्ति मिलकर कठिन से कठिन लक्ष्य को भी हासिल करने का रास्ता बना सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया पूरे देश के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने फैजानुल्लाह की उपलब्धि को झारखंड के साथ-साथ पूरे देश के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा के प्रति छात्र का ऐसा समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति समाज को नई ऊर्जा देती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फैजानुल्लाह की सफलता समावेशी शिक्षा की भावना, दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा और उनके भीतर मौजूद असीम संभावनाओं का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने छात्र का उत्साह बढ़ाते हुए भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उसकी आगे की पढ़ाई और जरूरतों के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेगी।

मंत्रियों और विधायकों ने भी की सराहना

इस अवसर पर झारखंड विधानसभा में राज्य सरकार के कई मंत्री और विधायक भी मौजूद रहे। सभी ने फैजानुल्लाह की असाधारण सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की और उनके संघर्ष तथा उपलब्धि की सराहना की।

दांतों से कलम थामकर 93.8 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले फैजानुल्लाह ने यह साबित कर दिया है कि सफलता के लिए परिस्थितियों से अधिक मजबूत इरादों की जरूरत होती है। उनकी कहानी दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा को पहचानने, उन्हें समान अवसर देने और समावेशी शिक्षा को मजबूत बनाने की प्रेरणा देती है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30