दरभंगा को विकास की सौगात: मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के दौरान 138 करोड़ की 90 योजनाओं का किया उद्घाटन

Share

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को समृद्धि यात्रा के अंतर्गत दरभंगा जिले का दौरा किया और विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का निरीक्षण तथा उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने 138 करोड़ रुपये की लागत से 90 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने नागेंद्र झा स्टेडियम के प्रांगण से रिमोट के माध्यम से 138 करोड़ की 90 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 105 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 50 योजनाओं का शिलान्यास और 33 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 40 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दरभंगा शहर के दिल्ली मोड़ स्थित निर्माणाधीन अंतर्राज्यीय/अंतर्राष्ट्रीय बस स्टैंड का निरीक्षण किया। इस मौके पर संबंधित विभाग के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि बस स्टैंड के पुनर्विकास के तहत जी+4 कार्यालय भवन, कॉन्कोर्स, प्लेटफॉर्म, रखरखाव डिपो, पार्किंग, फुटपाथ, शौचालय ब्लॉक, एसटीपी-700 किलोलीटर, बाउंड्री और कैंपस विकास तथा प्रकाश व्यवस्था जैसी सभी सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है। यह कार्य अगले दो वर्षों में पूर्ण करने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री ने दरभंगा जिले में अन्य विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि दरभंगा शहर के दोनार चौक के पास आरओबी का निर्माण, शोभन डैम-मकिया पथ का निर्माण, शोभन बाइपास पर प्रस्तावित एम्स तक फोरलेन पहुंच पथ, शोभन-एकमी पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूती, दरभंगा-कुशेश्वरस्थान पथ से धबौलिया तक बाइपास पथ निर्माण जैसे परियोजनाएं प्रगति पर हैं।

इसके अतिरिक्त, मिथिला शोध संस्थान का आधुनिकीकरण, दरभंगा रेलवे स्टेशन से आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण, एलिवेटेड कॉरिडोर, बाबा कुशेश्वरस्थान एवं अहिल्यास्थान का सौंदर्यीकरण और गंगा सागर, हराही व दिग्धी तालाब का एकीकृत विकास कार्य भी जारी हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य बेहतर तरीके से पूर्ण किए जाएं, ताकि दरभंगा जिले के नागरिकों को अधिक सुविधाएं उपलब्ध हों और आवागमन सुगम हो। उन्होंने दरभंगा हवाई अड्डा के पास निर्माणाधीन सिविल एनक्लेव, लॉजिस्टिक पार्क और कार्गो हब का निरीक्षण भी किया। अधिकारियों ने बताया कि चिन्हित भूखंड का क्षेत्रफल 50 एकड़ है।

समृद्धि यात्रा के दौरान, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के परिसर स्थित नागेंद्र झा स्टेडियम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। इस अवसर पर 23,384 जीविका स्वयं सहायता समूहों और कुल 93,536 जीविका दीदियों को बैंक से 311 करोड़ 79 लाख रुपये की वित्तीय सुविधा के लिए सांकेतिक चेक वितरित किया गया।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने से दरभंगा जिले का विकास तेज होगा और लोगों को सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध होंगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930