तीन महीने बाद रजरप्पा ज्वेलर्स लूटकांड का पर्दाफाश, पूरा गिरोह गिरफ्तार; 765 ग्राम सोना और हथियार बरामद

Share

रामगढ़, 13 जुलाई। रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र स्थित चितरपुर के शिव शंकर ज्वेलर्स में हुई चर्चित लूटकांड का पुलिस ने पूर्ण खुलासा करते हुए सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। करीब तीन महीने तक चले लगातार अभियान के बाद पुलिस ने पूरे गिरोह को दबोच लिया। आरोपितों के पास से 765 ग्राम सोना, तीन किलोग्राम चांदी, दो पिस्तौल, दो मैगजीन, पांच जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त कई वाहन बरामद किए गए हैं।

21 अप्रैल को हुई थी सशस्त्र डकैती

रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मुकेश कुमार लुनायत ने सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि 21 अप्रैल को रजरप्पा मोड़ स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-23 पर स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स में सशस्त्र डकैती की घटना हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर लगातार छापेमारी अभियान चलाया गया।

चरणबद्ध कार्रवाई में सभी आरोपित गिरफ्तार

एसपी ने बताया कि घटना के तीन दिन बाद 24 अप्रैल को पुलिस ने सात आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद 10 मई को दो अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी हुई। पुलिस के लगातार दबाव के कारण गिरोह के सदस्य विभाष पासवान उर्फ मृगेंद्र पासवान ने 16 जून को रामगढ़ न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।

इसके बाद 8 जुलाई को विभाष पासवान और शाहनवाज अंसारी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। उनकी निशानदेही पर छिपाकर रखे गए नौ ग्राम सोना और 80 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए।

मुख्य अभियुक्त की गिरफ्तारी के बाद बड़ी बरामदगी

एसपी ने बताया कि 12 जुलाई को प्राथमिकी अभियुक्त शमशेर आलम को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम का एक पिस्तौल, दो मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल, 370 ग्राम सोने के आभूषण तथा 160 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए।

तीन आरोपितों ने रची थी पूरी साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि इस लूटकांड की पूरी साजिश विभाष पासवान, सुभानी अंसारी और शमशेर आलम ने मिलकर रची थी। विभाष पासवान मूल रूप से बिहार का निवासी है, जबकि उसका ठिकाना जमशेदपुर में भी है। सुभानी अंसारी रामगढ़ जिले का निवासी है और शमशेर आलम रामगढ़ थाना क्षेत्र के फूलसराय गांव का रहने वाला है। वारदात के बाद आरोपितों ने लूटे गए जेवरों का आपस में बंटवारा कर लिया था।

मुख्य आरोपित पर 29 आपराधिक मामले दर्ज

एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि गिरफ्तार शमशेर आलम एक शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ राज्य के विभिन्न थानों में डकैती, लूट और चोरी सहित कुल 29 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य आपराधिक मामलों और उसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

प्रेसवार्ता में रामगढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) आलोक रंजन, रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031