ताबड़तोड़ गोलीबारी से दहला पूर्णिया, कार में बैठे पार्षद पुत्र शुभम कुशवाहा पर अंधाधुंध फायरिंग, मामा भी घायल

Share

पूर्णिया, 24 जुलाई। पूर्णिया के नेवालाल चौक के समीप नगर निगम वार्ड संख्या-24 की पार्षद राखी देवी और जदयू नेता अमरेंद्र कुशवाहा के इकलौते पुत्र शुभम कुशवाहा पर नकाबपोश अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में शुभम कुशवाहा और उनके मामा सागर कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

चाय की दुकान से निकलते ही हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, शुभम अपने मामा सागर कुशवाहा के साथ नेवालाल चौक के पास एक चाय की दुकान पर रुके थे, जहां उनके कुछ दोस्त पहले से मौजूद थे। कुछ देर बाद जैसे ही शुभम अपनी टाटा पंच कार में बैठकर वहां से निकलने लगे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार नकाबपोश बदमाश पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

कार से बाहर निकालने की कोशिश, छह गोलियां लगीं

फायरिंग के दौरान शुभम ने कार के अंदर छिपकर खुद को बचाने का प्रयास किया, जबकि उनके मामा सागर कुशवाहा उन्हें बचाने के लिए आगे आए। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने शुभम को कार से बाहर खींचने की भी कोशिश की, लेकिन असफल रहने पर लगातार फायरिंग कर दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शुभम कुशवाहा को तीन और उनके मामा सागर कुशवाहा को तीन गोलियां लगीं। घटना के बाद अपराधियों ने कार में भी तोड़फोड़ की और मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में भर्ती, इलाके में दहशत

गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। दोनों घायलों को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

पुरानी रंजिश का एंगल भी जांच के दायरे में

प्रारंभिक जांच में पड़ोसी सन्नी सरदार और सन्नी मंडल के नाम सामने आने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले वाहन को घर की दीवार से सटाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान शुभम ने सन्नी सरदार पर कथित तौर पर स्मैक तस्करी से जुड़े आरोप लगाए थे, जिसके बाद तनाव बढ़ गया था।

हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गोलीबारी में किसकी भूमिका है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही किया जाएगा।

आपराधिक पृष्ठभूमि की भी जांच

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, घायल शुभम कुशवाहा के खिलाफ पहले भी कुछ आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। वर्तमान में वह विवाहित हैं और छोटे स्तर पर ठेकेदारी का काम करते हैं। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और शुभम की आपराधिक पृष्ठभूमि सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

पूछताछ जारी, गिरफ्तारी का इंतजार

पुलिस ने संदेह के आधार पर सन्नी सरदार के घर के लोगों समेत कुछ अन्य व्यक्तियों से पूछताछ की है। समाचार लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930