जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं की सीबीआई जांच की मांग को लेकर आजसू का लोकभवन मार्च, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

Share

रांची, 30 जुलाई। अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के बैनर तले गुरुवार को जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं की सीबीआई जांच समेत विभिन्न छात्रहित मांगों को लेकर लोकभवन मार्च निकाला गया। मार्च में बड़ी संख्या में छात्र-युवा और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और समयबद्ध नियुक्ति प्रक्रिया की मांग उठाई।

जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से लोकभवन तक मार्च

लोकभवन मार्च की शुरुआत जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम (कचहरी) से हुई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए लोकभवन तक पहुंचा। प्रदर्शन के दौरान प्रतिभागियों ने छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर सरकार से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

मार्च से पहले आजसू के एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो के नेतृत्व में राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात की। इस दौरान छात्र-छात्राओं की समस्याओं और शिक्षा व्यवस्था में सुधार से संबंधित मांगों का ज्ञापन सौंपा गया।

शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उठाई मांग

आजसू नेताओं ने कहा कि राज्य के छात्र-छात्राएं लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं, नियुक्तियों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। इन मुद्दों के समाधान और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लोकतांत्रिक तरीके से यह मार्च आयोजित किया गया।

आजसू की प्रमुख मांगें

  • जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं से जुड़ी सभी कथित अनियमितताओं का निष्पक्ष एवं पारदर्शी समाधान किया जाए।
  • पूरे परीक्षा प्रकरण की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराई जाए।
  • कथित करोड़ों रुपये के अवैध लेन-देन की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से जांच कराई जाए।
  • नियमित परीक्षा कैलेंडर जारी कर समयबद्ध परीक्षाएं और नियुक्तियां सुनिश्चित की जाएं।
  • छात्रवृत्ति का समय पर वितरण किया जाए।
  • शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सुदृढ़ और छात्रहितैषी बनाया जाए।

छात्र-युवाओं से आंदोलन में शामिल होने की अपील

आजसू ने राज्य के छात्र-छात्राओं, युवाओं, अभिभावकों और शिक्षा के प्रति जागरूक नागरिकों से छात्र हितों की इस लोकतांत्रिक लड़ाई में सक्रिय भागीदारी की अपील की। संगठन ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और समयबद्ध छात्र कल्याण योजनाएं ही झारखंड के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो, पार्टी के केंद्रीय महासचिव संजय मेहता, प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव, युवा आजसू के अमित यादव, प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र, युवा और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930