जुनैद खान और साई पल्लवी की आगामी फिल्म ‘एक दिन’ का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। इस फिल्म का निर्माण आमिर खान के प्रोडक्शन हाउस अमीर खान प्रोडक्शन के बैनर तले किया गया है। खास बात यह है कि इस फिल्म के जरिए साई पल्लवी बॉलीवुड में अपना डेब्यू करने जा रही हैं।
प्यार और तड़प से भरी है कहानी
यह एक रोमांटिक-ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन सुनील पांडे ने किया है। कुछ दिन पहले फिल्म का टीजर सामने आया था, जिसे दर्शकों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी। अब ट्रेलर रिलीज होने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। करीब 2 मिनट 13 सेकंड लंबे ट्रेलर की शुरुआत जुनैद खान के किरदार से होती है, जिसकी ख्वाहिश होती है कि वह एक दिन के लिए ही सही, लेकिन मीरा (साई पल्लवी) को पा सके। उसकी यह इच्छा पूरी भी हो जाती है, लेकिन कहानी में एक रहस्यमयी मोड़ आता है, जहां उसका सपना टूटता नजर आता है। ट्रेलर में प्यार, दीवानगी और तड़प का भावनात्मक मिश्रण देखने को मिलता है।
निर्माताओं के मुताबिक एक दिन 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में जुनैद खान और साई पल्लवी की जोड़ी को पहली बार बड़े पर्दे पर देखने के लिए दर्शक उत्साहित नजर आ रहे हैं।





