जुगसलाई राजनीति में हलचल, क्रॉस सपोर्ट बयान के बाद अभिजीत सिंह निष्कासित

Share

पूर्वी सिंहभूम। नगरपालिका चुनाव के दौरान जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में सामने आए क्रॉस सपोर्ट के बयान को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।

जिला अध्यक्ष परिविंदर सिंह ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रत्याशी इंदु देवी के समर्थन में मतदान करने के बयान पर कांग्रेस नेता अभिजीत सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।

जिला अध्यक्ष ने कहा कि पूरे मामले की समीक्षा के बाद इस घटनाक्रम को गंभीर संगठनात्मक उल्लंघन माना गया। चुनाव जैसे संवेदनशील समय में विरोधी दल के पक्ष में समर्थन का बयान पार्टी की आधिकारिक नीति के विरुद्ध है और यह संगठन के प्रति खुली अविश्वसनीयता एवं अनुशासनहीनता को दर्शाता है।

पार्टी नेतृत्व ने अभिजीत सिंह की भूमिका को संदिग्ध मानते हुए इसे प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से संगठन विरोधी गतिविधि की श्रेणी में रखा है।

परिविंदर सिंह ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी अपने सिद्धांतों और अनुशासन के साथ कोई समझौता नहीं करेगी। कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि पूरे प्रकरण की रिपोर्ट जिला पर्यवेक्षक के माध्यम से प्रदेश प्रभारी, प्रदेश सह-प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष को भेजी जा रही है, ताकि आवश्यक स्तर पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31