जवाहर नवोदय विद्यालय में रैगिंग का आरोप, सीनियर छात्रों ने जूनियरों को पीटा, अपमानजनक काम करवाए; सख्त कार्रवाई की मांग

Share

पूर्वी सिंहभूम, 17 जुलाई। जिले के बहरागोड़ा स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बालिकुडिया में सीनियर छात्रों द्वारा जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद अभिभावकों ने उपायुक्त को शिकायत सौंपकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

देर रात हॉस्टल में हुई घटना

आरोप है कि गुरुवार देर रात कुछ सीनियर छात्र हॉस्टल में पहुंचे और जूनियर छात्रों को बाहर बुलाकर उनके साथ मारपीट की। उनसे जूते साफ करवाए गए, पैर दबवाए गए और अन्य अपमानजनक कार्य कराए गए। विरोध करने पर छात्रों को पीटा गया, जिससे कई छात्र घायल हो गए।

कई छात्र हुए घायल

घायल छात्रों में विकाश राणा, पूर्णचंद्र गराई, गोविंद कुमार महतो, सूरज कुम्भकार और इंद्रदेव महतो शामिल हैं। आरोप है कि एक छात्र के कान पर गंभीर चोट लगी, जिससे खून निकलने लगा, जबकि दूसरे छात्र की नाक पर भी गंभीर चोट आई।

धमकी और मानसिक प्रताड़ना का आरोप

पीड़ित छात्रों का कहना है कि उन्हें लगातार धमकी दी जाती थी कि अगर उन्होंने घटना की जानकारी किसी को दी तो और अधिक प्रताड़ित किया जाएगा। इस कारण कई छात्र डर के माहौल में रह रहे थे।

डर के कारण छात्र ने छोड़ी पढ़ाई

सूरज कुम्भकार के पिता पदमलोचन कुम्भकार ने उपायुक्त को दिए आवेदन में बताया कि उनका पुत्र कक्षा नौवीं का छात्र है और रैगिंग व मानसिक दबाव के कारण इतना भयभीत हो गया कि वह पढ़ाई छोड़कर घर लौट आया।

स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप

अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि इस तरह की घटनाएं लंबे समय से होती रही हैं। मामले की जानकारी हाउस मास्टर को दी गई, लेकिन उन्होंने प्राचार्य से संपर्क करने की सलाह देकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

सख्त कार्रवाई की मांग

अभिभावकों ने दोषी छात्रों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई, पीड़ित छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और विद्यालय परिसर में रैगिंग पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला परिषद अध्यक्ष को भी भेजी गई है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930