पूर्वी सिंहभूम, 02 सितंबर । कदमा थाना क्षेत्र स्थित वर्कर्स फ्लैट में बुधवार को गैस कनेक्शन लगाने के दौरान अचानक आग लगने से दो मजदूर झुलस गए। हादसे के बाद दोनों को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
ड्रिलिंग के दौरान रिसाव से भड़की आग
घायलों की पहचान कपाली निवासी गुलाम कादिर और सत्तार अंसारी के रूप में हुई है। घायल सत्तार अंसारी के अनुसार, दोनों वर्कर्स फ्लैट के एक आवास में रसोई गैस का पाइप कनेक्शन लगाने का काम कर रहे थे।
इसी दौरान दीवार में ड्रिल मशीन से छेद किया जा रहा था। आरोप है कि ड्रिलिंग के दौरान निकली चिंगारी गैस पाइप से हो रहे रिसाव के संपर्क में आ गई, जिससे अचानक आग भड़क उठी।
आग की चपेट में आने से दोनों झुलसे
आग भड़कते ही दोनों मजदूर उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को वहां से निकालकर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया।
एमजीएम अस्पताल में चल रहा इलाज
एमजीएम अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में दोनों मजदूरों का उपचार जारी है। इनमें एक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद हादसे के कारणों को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।






