चतरा में नदी में मिले दो बच्चों के शव, तीसरे का सुराग नहीं; तीन दोस्त पिकनिक मनाने पहुंचे थे, नहाने के दौरान हादसे की आशंका

Share

चतरा, 04 सितंबर । चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र की बरैनी पंचायत के घूरनाडीह गांव स्थित कड़गु पटेर नदी चटनिया में शुक्रवार सुबह दो बच्चों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। एक बच्चे का शव नदी के अंदर, जबकि दूसरे का शव नदी किनारे से बरामद किया गया। दोनों बच्चों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस तीसरे बच्चे की तलाश में जुटी है।

पिकनिक मनाने नदी के पास पहुंचे थे तीन दोस्त

जानकारी के अनुसार, तीन दोस्त शुक्रवार सुबह पिकनिक मनाने के लिए नदी के पास पहुंचे थे। तीनों ने वहां पास्ता बनाकर खाया। इसके बाद वे नदी में नहाने चले गए। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान तीनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

हालांकि, तीसरे बच्चे के संबंध में अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह भी नदी में डूबा है या किसी तरह वहां से निकलकर चला गया।

ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस

ग्रामीणों ने नदी में दो बच्चों के शव देखे तो तत्काल सदर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नदी से बाहर निकलवाया। इसके बाद बच्चों की पहचान की प्रक्रिया शुरू की गई।

पुलिस ने तीसरे बच्चे की तलाश के लिए भी जांच और खोज अभियान शुरू किया है।

मौके से साइकिल और अन्य सामान बरामद

घटना की जानकारी मिलते ही नदी के आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटनास्थल से दो साइकिल, तीन जोड़ी चप्पल, दो बैग और अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस इन सामानों की जांच कर रही है, ताकि मृत बच्चों की पहचान के साथ ही घटना की परिस्थितियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा सके।

तीसरे बच्चे की तलाश जारी

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटनास्थल से बरामद सामान तीनों बच्चों का ही है या किसी अन्य व्यक्ति का। फिलहाल दोनों मृत बच्चों की पहचान और तीसरे बच्चे के संबंध में जानकारी जुटाने के लिए पुलिस की छानबीन जारी है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031