वडोदरा: गुजरात के वडोदरा शहर में बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 31 अन्य घायल हो गए। मृतकों में एक 9 वर्षीय बच्चा भी शामिल है। सभी घायलों को इलाज के लिए एसएसजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खड़े ट्रक से टकराई बस
पुलिस के अनुसार, राजस्थान के बांसवाड़ा से सूरत जा रही बालाजी ट्रैवल्स की लग्जरी बस कोटंबी स्टेडियम के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ।
मौके पर पहुंची राहत-बचाव टीमें
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, वडोदरा फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
एनडीआरएफ की 6वीं बटालियन के कमांडेंट सुरेंद्र सिंह के अनुसार, सुबह 4:40 बजे सूचना मिलने के बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अब तक 24 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। साथ ही कई शवों को बस से निकालकर अस्पताल भेजा गया।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया हादसे का मंजर
घायल यात्री बंसीलाल ने बताया कि वह काम के सिलसिले में राजस्थान से सूरत जा रहा था और हादसे के समय सो रहा था। अचानक जोरदार टक्कर हुई, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान अभी बाकी

फिलहाल मृतकों के नामों की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। प्रशासन यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि बस में कोई अन्य यात्री फंसा न रह गया हो।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।






