खूंटी में संत मिखाइल स्कूल के फादर बेनेदिक बारला पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में रांची रेफर

Share

–कमरे में बेहोश मिले फादर, सामान बिखरा हुआ मिला; एसपी समेत पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

रांची/खूंटी। झारखंड के खूंटी थाना क्षेत्र स्थित संत मिखाइल स्कूल में अज्ञात अपराधियों ने स्कूल के फादर बेनेदिक बारला उर्फ फादर बेनी पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से घायल फादर को सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

कमरे में बेहोश मिले फादर, सामान बिखरा हुआ था

स्कूल के फादर अनिल कुमार होरो ने बताया कि बुधवार सुबह सूचना मिली कि फादर बेनेदिक बारला अपने कमरे में बेहोश पड़े हैं। मौके पर पहुंचने पर कमरे का सामान अस्त-व्यस्त और बिखरा हुआ मिला। इसके बाद उन्होंने फादर निकोलस और संजय सोरेंग की मदद से घायल फादर को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया।

फादर अनिल कुमार होरो ने आशंका जताई कि वारदात देर रात या अहले सुबह हुई होगी, क्योंकि रात के समय स्कूल के उस हिस्से में कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं रहता था।

हमले में इस्तेमाल हथियार का पता लगा रही पुलिस

फादर अनिल कुमार होरो के अनुसार, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि फादर बेनेदिक बारला पर गोली से हमला किया गया या किसी धारदार हथियार से चोट पहुंचाई गई। हमले में इस्तेमाल हथियार की जानकारी मेडिकल जांच और विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

फादर बेनेदिक बारला वर्ष 2009 से संत मिखाइल स्कूल में सेवा दे रहे हैं। स्कूल में हुई इस घटना के बाद परिसर में चिंता का माहौल है।

एसपी और डीएसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

घटना की सूचना मिलते ही खूंटी के एसपी ऋषभ गर्ग, डीएसपी मंगल सिंह जामुदा और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे संत मिखाइल स्कूल में रहने वाले फादर बेनेदिक बारला पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा हमला किए जाने की सूचना मिली थी।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल फादर को प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षा व्यवस्था के बीच रिम्स भेजा।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि फिलहाल फादर की हालत स्थिर है। उन्हें किस हथियार से चोट पहुंचाई गई, इसकी पुष्टि विस्तृत इंजरी रिपोर्ट आने के बाद होगी।

पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपितों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031