कोडरमा में प्रतिबंधित अवशेष मिलने से तनाव, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

Share

कोडरमा। जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत परसाबाद मुख्य बाजार में बीती रात प्रतिबंधित मांस और उसके अवशेष मिलने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परसाबाद सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने इस कृत्य के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर परसाबाद बाजार से गुजरने वाली मुख्य सड़क को घंटों जाम रखा।

ग्रामीणों का कहना था कि प्रतिबंधित अवशेष को जानबूझकर मुख्य बाजार क्षेत्र में फेंका गया है, जिससे लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने इसे एक सुनियोजित साजिश करार देते हुए दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की।

घटना की सूचना मिलते ही मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सहित जयनगर थाना की पुलिस तथा आसपास के पांच थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित ग्रामीण इस बात पर अड़े रहे कि जब तक मामले का खुलासा नहीं होता और दोषियों की गिरफ्तारी नहीं की जाती, तब तक वे सड़क जाम नहीं हटाएंगे।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि इस घटना में संलिप्त लोगों को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। सड़क जाम के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया, जिससे आम लोगों, राहगीरों और वाहनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए देर रात पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनुदीप सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया और मामले में त्वरित व निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया। एसपी ने आश्वासन दिया कि इस कृत्य में शामिल लोगों को पुलिस 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करेगी और किसी भी सूरत में उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस अधीक्षक के आश्वासन के बाद लगभग चार घंटे तक चला सड़क जाम ग्रामीणों द्वारा हटा लिया गया, जिसके बाद लोग अपने-अपने घर लौटे। फिलहाल क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ-साथ संदिग्धों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना का जल्द से जल्द खुलासा किया जा सके।-

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930