गुवाहाटी/जागीरोड। असम के जागीरोड क्षेत्र के देवशाल में आयोजित भाजपा की विशाल चुनावी सभा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने जागीरोड विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार पीयूष हजारिका के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया।
डबल इंजन सरकार से विकास को मिली रफ्तार
सभा को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार असम के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर राज्यों को नई पहचान मिली है और केंद्र सरकार का विशेष ध्यान इस क्षेत्र पर रहा है।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण में केंद्र सरकार की भूमिका अहम रही है। उन्होंने जनता से अपील की कि विकास को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा उम्मीदवार को भारी मतों से विजयी बनाएं।
निवेश के माहौल में बदलाव का दावा
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके शासनकाल में बाहरी निवेशक असम में आने से कतराते थे, लेकिन पिछले 10 वर्षों में भाजपा सरकार ने निवेश के लिए बेहतर माहौल तैयार किया है।
भाजपा नेताओं की मौजूदगी और कार्यकर्ताओं में उत्साह
सभा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया सहित एनडीए उम्मीदवार रमाकांत देउरी, शशिकांत दास, डॉ. तपन दास, खलीलुर रहमान और अनिल सैकिया समेत कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भारी भीड़ से उत्साहित हुए उम्मीदवार
सभा में उमड़ी भीड़ को लेकर पीयूष हजारिका ने कहा कि इससे उनका आत्मविश्वास और मजबूत हुआ है। उन्होंने जनता के समर्थन के लिए आभार भी जताया।
दो दिवसीय दौरे पर हैं राष्ट्रीय अध्यक्ष
उल्लेखनीय है कि नितिन नवीन असम के दो दिवसीय दौरे पर हैं। वे रविवार को डिब्रूगढ़ पहुंचे थे, जहां मोहनबाड़ी हवाई अड्डे पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम को पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ सुना। इसके बाद उन्होंने तिनसुकिया के मार्घेरिटा और लखीमपुर के बिहपुरिया में भी चुनावी सभाओं को संबोधित किया। खराब मौसम के बावजूद सभाओं में भारी भीड़ देखी जा रही है।





