—मटवारी स्थित होटल में गुरुवार देर रात हुई वारदात से मची अफरा-तफरी, एएसपी और एसडीपीओ समेत कई पुलिस अधिकारी पहुंचे मौके पर; सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
हजारीबाग, 30 अक्टूबर । हजारीबाग के कोर्रा थाना क्षेत्र के मटवारी स्थित होटल एके इंटरनेशनल पर गुरुवार देर रात फायरिंग का मामला सामने आया है। अपराधियों ने होटल में चार राउंड गोलियां चलाईं, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। गोलीबारी में होटल के शीशे टूट गए, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
घटना के बाद होटल कर्मचारियों ने स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही एएसपी अमित कुमार, एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह, कोर्रा थाना प्रभारी नेमधारी रजक समेत शहर के कई थानों के एसएचओ और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच
हमलावरों की पहचान करने के लिए पुलिस होटल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
एसपी बोले- जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है
हजारीबाग के एसपी अमन कुमार ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में कुछ कहा जा सकता है। फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और फायरिंग के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।






