रांची, 06 जून । झारखंड सरकार राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शनिवार को बताया कि राज्य में जल्द ही सेंट्रल रेडियोलॉजी हब (सीआरएच) की स्थापना की जाएगी, जिसके माध्यम से सभी सरकारी अस्पतालों को विशेषज्ञ रेडियोलॉजी सेवाओं से जोड़ा जाएगा।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर करने की पहल
स्वास्थ्य मंत्री ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी मरीज को विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के कारण परेशानी न उठानी पड़े। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवा प्रत्येक नागरिक का अधिकार है तथा सरकार इसे सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
एक्स-रे, सीटी स्कैन और एमआरआई रिपोर्ट होगी केंद्रीकृत
नई व्यवस्था के तहत सरकारी अस्पतालों में की जाने वाली एक्स-रे, सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी जांचों की रिपोर्ट विशेषज्ञ रेडियोलॉजिस्ट द्वारा एक केंद्रीकृत डिजिटल प्रणाली के माध्यम से तैयार की जाएगी। इससे जांच रिपोर्ट की गुणवत्ता बेहतर होगी, रिपोर्ट मिलने में लगने वाला समय घटेगा और मरीजों को अधिक सटीक एवं त्वरित उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
सभी सरकारी अस्पताल डिजिटल नेटवर्क से जुड़ेंगे
योजना के तहत राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों को एक डिजिटल नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इससे दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले मरीजों को भी विशेषज्ञ चिकित्सकीय राय और आधुनिक जांच सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगा सबसे अधिक लाभ
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस पहल का सबसे अधिक फायदा ग्रामीण और पिछड़े इलाकों के लोगों को होगा, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सीमित है। उन्होंने विश्वास जताया कि सेंट्रल रेडियोलॉजी हब की स्थापना से झारखंड डिजिटल हेल्थकेयर के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में व्यापक सुधार आएगा।






