सीवान में थाने के सामने दुकानदार को जिंदा जलाकर मार डाला, दुकान में बाहर से लगाया ताला

Share

—पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का आरोप, दो घंटे तक सड़क जाम कर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन; आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग

सीवान, 05 नवंबर। बिहार के सीवान जिले में अपराधियों ने जीबी नगर थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर एक दुकानदार की कथित तौर पर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाकर हत्या कर दी। बुधवार रात हुई इस वारदात में 25 वर्षीय नदीम अंसारी की मौत हो गई। आरोप है कि घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश दुकान के दरवाजे पर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गए। घटना के विरोध में गुरुवार को परिजनों और ग्रामीणों ने सीवान-पटना मुख्य मार्ग पर शव रखकर जाम कर दिया।

सामान खरीदने के बाद पैसे मांगने पर हुआ विवाद

मृतक की पहचान जीबी नगर थाना क्षेत्र के अलावल टोला निवासी जलील अंसारी के पुत्र नदीम अंसारी (25) के रूप में हुई है। वह जीबी नगर थाने के ठीक सामने दुकान चलाता था। परिजनों के अनुसार, बुधवार रात नदीम रोज की तरह दुकान पर बैठा था। इसी दौरान कुछ युवक दुकान पर पहुंचे और सामान खरीदा।

बताया गया कि जब नदीम ने सामान के पैसे मांगे तो युवकों से विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी बीच एक युवक बाजार से पेट्रोल खरीदकर लाया। इसके बाद सभी ने नदीम को दुकान के अंदर पकड़ लिया और उसके शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग से बचने के लिए नदीम बाहर न निकल सके, इसके लिए आरोपितों ने दुकान का दरवाजा बंद कर बाहर से ताला लगा दिया और मौके से फरार हो गए।

आग की लपटें देखकर जुटे स्थानीय लोग

दुकान से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के बाद दुकान का ताला और दरवाजा तोड़कर अंदर से नदीम का शव बाहर निकाला गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

तरवारा पुल के पास शव रखकर सड़क जाम

घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने गुरुवार को सीवान-पटना मुख्य मार्ग पर तरवारा पुल के समीप शव रखकर सड़क जाम कर दिया। इस दौरान प्रदर्शन और आगजनी करते हुए आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी तथा वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की गई।

ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर ऐसी वारदात हो सकती है तो आम लोगों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अपराधियों में पुलिस का भय नहीं रह गया है।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थिति संभालने का प्रयास

करीब दो घंटे तक चले सड़क जाम और प्रदर्शन के बाद सदर एसडीओ आशुतोष गुप्ता और सदर-1 एसडीपीओ प्रांजल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया।

घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। परिजन और ग्रामीण आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। अब पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सबकी नजर है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30