सीवान, 04 मई । बिहार के सीवान जिले में भूमाफियाओं के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजद विधायक ओसामा शहाब के ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई सारण क्षेत्र के डीआईजी नीलेश कुमार और एसपी पुरन कुमार झा के नेतृत्व में की गई।
एक साथ कई ठिकानों पर दबिश
पुलिस टीम ने हुसैनगंज थाना क्षेत्र के प्रतापपुर स्थित पैतृक आवास और नगर थाना क्षेत्र के नया किला स्थित घर पर एक साथ छापा मारा। सीवान स्थित आवास पर करीब 40 मिनट तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
जमीन कब्जा मामले में नाम आया सामने
डीआईजी के अनुसार महादेवा थाना क्षेत्र में एक डॉक्टर की जमीन पर रंगदारी के जरिए कब्जा करने का मामला सामने आया था। जांच के दौरान इस प्रकरण में विधायक ओसामा शहाब समेत कई लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस को पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद न्यायालय से वारंट लेकर यह कार्रवाई की गई।


आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में कानूनी कार्रवाई और तेज की जाएगी। छापेमारी अभियान में एसडीपीओ अजय कुमार सिंह, गौरी कुमारी समेत कई अधिकारी और सशस्त्र जवान शामिल रहे।






