सीवान का जीबी नगर बना अपराधियों का कथित सेफ जोन! 24 घंटे में दो हत्याओं से दहशत, पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर उठे सवाल

Share

सीवान, 14 सितंबर । जिले के जीबी नगर थाना क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर हुई दो हत्याओं ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। लगातार सामने आई वारदातों के बाद पुलिस की कार्यशैली और गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

पूर्व सरपंच नयन महतो के पुत्र अविनाश उर्फ धनजी महतो की अपहरण के बाद हत्या की घटना के 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि पांडेयपुर खमहौरी गांव में 23 वर्षीय रोहित कुमार यादव की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। युवक का शव सोमवार सुबह गांव के एक सरकारी विद्यालय के पास मिला।

विद्यालय के पास खून से लथपथ मिला शव

सोमवार सुबह राजकीय मध्य विद्यालय से करीब 50 मीटर दक्षिण की ओर रोहित कुमार यादव का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने शव के आसपास खून के निशान, एक चाकू और करीब 10 जोड़ी चप्पलें देखीं।

सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष रामाशंकर साह पुलिस बल और एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया मृतक और हमलावरों के बीच संघर्ष की आशंका जताई जा रही है।

दो अन्य युवकों के घायल होने की भी चर्चा

घटना के दौरान दो अन्य युवकों के घायल होने की बात भी सामने आई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि वारदात के दौरान घटनास्थल पर कितने लोग मौजूद थे और संघर्ष किन परिस्थितियों में हुआ।

पुलिस ने परिजनों के मौखिक बयान के आधार पर तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

प्रेम प्रसंग समेत कई बिंदुओं पर जांच

मृतक अविवाहित था। ऐसे में पुलिस प्रेम प्रसंग समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। तकनीकी सेल की मदद से मृतक के मोबाइल फोन और उससे जुड़े संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर हत्या की वजह तथा इसमें शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।

लगातार हत्याओं से ग्रामीणों में आक्रोश

एक के बाद एक दो हत्याओं से इलाके के ग्रामीणों में दहशत के साथ पुलिस के प्रति आक्रोश भी बढ़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में शाम और रात के समय प्रभावी पुलिस गश्ती नहीं होती है।

पुलिस की ओर से वाहनों की कमी का तर्क दिए जाने की बात भी ग्रामीणों ने कही है। हालांकि, उनका कहना है कि संसाधनों की कमी को जिम्मेदारी से बचने का आधार नहीं बनाया जा सकता।

विद्यालय के आसपास असामाजिक तत्वों के जमावड़े का आरोप

ग्रामीणों ने सरकारी विद्यालय के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सूरज ढलने के बाद विद्यालय के आसपास शराबियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है।

ग्रामीणों के मुताबिक, इस संबंध में कई बार पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन कथित तौर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। अब उसी क्षेत्र में युवक की हत्या के बाद पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल और गंभीर हो गए हैं।

पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेने की पुष्टि की

थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की पुष्टि की है। हालांकि, उन्होंने अनुसंधान प्रभावित होने का हवाला देते हुए मामले से जुड़ी अन्य जानकारी देने से इनकार कर दिया।

पुलिस अब हत्या की वजह, घटनास्थल पर मौजूद लोगों और अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही है। लगातार हुई दो हत्याओं के बाद लोगों की नजर पुलिस की कार्रवाई पर है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाता है या नहीं।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930