—पटेल चौक पर आदमकद प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने प्रस्तुत किए देशभक्ति गीत
पटना, 31 अक्टूबर। देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री और भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को राजधानी पटना में राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। चितकोहरा पुल के निकट पटेल चौक स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल प्रतिमा प्रांगण में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
उप मुख्यमंत्री और कई मंत्रियों ने किया नमन
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री शीला कुमारी, आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सादा तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन ने भी सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
समारोह में विधायक श्याम रजक, संजीव चौरसिया और संजय कुमार, बिहार राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण मेहता तथा पूर्व विधान पार्षद कुमुद वर्मा सहित अनेक सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भी सरदार पटेल को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
देशभक्ति गीतों से गूंजा समारोह स्थल
राजकीय समारोह के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने आरती-पूजन, भजन-कीर्तन, राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान, बिहार गीत और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। कलाकारों की प्रस्तुतियों से समारोह स्थल पर देशभक्ति का माहौल बना रहा।
राष्ट्रीय एकता और अखंडता में रहा ऐतिहासिक योगदान
उल्लेखनीय है कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। आजादी के बाद देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के रूप में उन्होंने विभिन्न देशी रियासतों के एकीकरण में ऐतिहासिक योगदान दिया। राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने में उनके योगदान के सम्मान में प्रत्येक वर्ष 31 अक्टूबर को उनकी जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है।






