समस्तीपुर, 26 अगस्त। बिहार के समस्तीपुर जिले में बेटी के जन्म की खुशी में चल रहे छठी समारोह के बीच एक परिवार में मातम पसर गया। आरोप है कि शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने पर पति ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल मंजुला कुमारी (30) की इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति सूरज साहनी फरार है।
बेटी के जन्म के छह दिन बाद हुआ खूनी विवाद
घटना हलई थाना क्षेत्र में मंगलवार रात की बताई जा रही है। मंजुला ने कुछ दिन पहले ही एक बेटी को जन्म दिया था। बुधवार को नवजात की छठी का समारोह था और घर में मेहमान जुटे थे। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया।
मृतका के भाई गजेन्द्र कुमार का आरोप है कि सूरज साहनी शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था। मंजुला ने घर में छठी का भोज होने और मेहमानों के मौजूद होने की बात कहते हुए पैसे देने से इनकार कर दिया। इसके बाद कथित तौर पर सूरज ने गोली चला दी।
आंख में गोली लगने का आरोप
मृतका की बहन प्रियंका के मुताबिक, आरोपी के पास दो गोलियां थीं। उसने गोली मारने की धमकी दी और बंदूक छीनने के प्रयास के दौरान कथित तौर पर मंजुला की आंख में गोली लग गई।
गोली लगने के बाद मंजुला गंभीर रूप से घायल होकर गिर गईं। परिजन उन्हें मोटरसाइकिल से समस्तीपुर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आरोपी फरार
वारदात के बाद सूरज साहनी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर हलई थाना पुलिस गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
बुधवार सुबह एफएसएल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए भी प्रयास कर रही है।
भाई की शिकायत पर एफआईआर
जिला पुलिस ने मृतका के भाई की लिखित शिकायत के आधार पर सूरज साहनी के खिलाफ हत्या की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
हलई थाना अध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।






