सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद झरिया में बवाल, पुलिस की गाड़ियों पर पथराव और तोड़फोड़

Share

झरिया। झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग पर मंगलवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में 28 वर्षीय बाइक सवार जहांगीर की मौत हो गई। ऊपर कुल्ही के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर हंगामा किया। इस दौरान कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई और झरिया पुलिस के गश्ती दल की दो गाड़ियों पर भी पथराव किया गया।

हादसे के बाद भाग रहे ट्रक ने गुमटी में मारी टक्कर

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10:45 बजे धनसार की ओर से आ रहा ट्रक (एचआर 58बी 7375) कतरास मोड़ की तरफ जा रहे बाइक सवार जहांगीर को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने लगा। इसी दौरान इंदिरा चौक के पास ट्रक अनियंत्रित होकर रामजी पंडित की गुमटी में जा घुसा। टक्कर से दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि दुकानदार कुछ देर पहले ही दुकान बंद कर घर जा चुके थे।

सड़क जाम कर प्रदर्शन, पुलिस की गाड़ियों पर पथराव

जहांगीर की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इस दौरान कई वाहनों के शीशे तोड़े गए। मौके पर पहुंची झरिया पुलिस के गश्ती दल की दो गाड़ियों को भी निशाना बनाया गया। हालात बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों को अपने वाहन वहां से हटाने पड़े।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। प्रदर्शन कर रहे लोग मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और हादसे के जिम्मेदार चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।

पत्नी और छोटे बच्चे को छोड़ गया जहांगीर

जहांगीर बालू बंकर निवासी मोहम्मद जाकिर का बेटा था। वह झरिया मेन रोड में डेंटिंग-पेंटिंग का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में उसकी पत्नी और एक छोटा बच्चा है।

बताया जा रहा है कि घटना के समय उसकी पत्नी रिश्तेदार की शादी में शामिल होने पश्चिम बंगाल स्थित अपने मायके गई हुई थी। जहांगीर ने रात तक घर लौटने की बात कही थी, लेकिन रास्ते में हुए हादसे में उसकी जान चली गई। युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30