—एक रजत और तीन कांस्य पदक पर किया कब्जा, 3,500 खिलाड़ियों के बीच बिहार के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
पटना। श्रीनगर में आयोजित 17वीं राष्ट्रीय विद्यालय ताइक्वांडो अंडर-17 बालक एवं बालिका प्रतियोगिता में बिहार के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का मान बढ़ाया है। 22 से 26 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में बिहार की टीम ने एक रजत और तीन कांस्य सहित कुल चार पदक अपने नाम किए। देशभर के विभिन्न राज्यों और संस्थाओं के करीब 3,500 खिलाड़ियों की भागीदारी के बीच बिहार के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
महानिदेशक ने खिलाड़ियों को दी बधाई
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चार पदक जीतना खिलाड़ियों की मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। यह उपलब्धि बिहार में विकसित हो रही खेल संस्कृति को भी दर्शाती है। इससे राज्य के अन्य युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
इन खिलाड़ियों ने जीते पदक
प्रतियोगिता में नवादा के आरूष आरिदमान ने 38 से 41 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर बिहार को गौरवान्वित किया।
वहीं, लखीसराय की अमिषा पटेल ने 35 से 38 किलोग्राम, शेखपुरा के हिमांशु कुमार ने 48 से 51 किलोग्राम और औरंगाबाद के कुमार शिवम प्रजापति ने 59 से 63 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।
प्रशिक्षकों और टीम प्रबंधन का भी रहा योगदान
बिहार के खिलाड़ियों की इस सफलता में प्रशिक्षकों और टीम प्रबंधन की अहम भूमिका रही। प्रतियोगिता में बालक दल के प्रशिक्षक अमरेन्द्र कुमार, बालिका दल की प्रशिक्षिका खुशबू कुमारी और टीम प्रबंधक मुन्ना कुमार शामिल थे। इनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए राज्य के लिए चार पदक हासिल किए।






