कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले में गुरुवार सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया। नवलशाही थाना क्षेत्र में एनआईए की अलग-अलग टीमों ने विस्फोटक सामग्री के भंडारण और उससे जुड़े संभावित अवैध कारोबार की जांच को लेकर कई ठिकानों पर छापेमारी की।
मैगजीन हाउस में पहुंची NIA की टीम
जानकारी के अनुसार, एनआईए की एक टीम नवादा-फुलवरिया के पास स्थित एक विस्फोटक भंडारण केंद्र (मैगजीन हाउस) पहुंची। यह मैगजीन हाउस लोकाई निवासी कारोबारी शंकर यादव से जुड़ा बताया जा रहा है।
टीम ने पूरे परिसर को अपने नियंत्रण में लेकर वहां रखे विस्फोटक पदार्थों, दस्तावेजों और स्टॉक से जुड़े रिकॉर्ड की जांच शुरू की। अधिकारियों ने भंडारण से संबंधित कागजातों की भी पड़ताल की।
कारोबारी के घर पर भी छापेमारी
इसी दौरान एनआईए की दूसरी टीम ने लोकाई स्थित शंकर यादव के आवास पर भी छापेमारी की। यहां टीम ने लेनदेन, खरीद-बिक्री और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की।
सूत्रों के अनुसार, एनआईए यह पता लगाने में जुटी है कि विस्फोटक सामग्री के कारोबार में किसी तरह की अनियमितता हुई है या नहीं। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि कहीं विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल किसी प्रतिबंधित संगठन या अवैध नेटवर्क तक तो नहीं पहुंचा।
सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात
छापेमारी के दौरान नवलशाही थाना पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद रही। सुरक्षा के मद्देनजर मैगजीन हाउस और आसपास के इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
जांच के दौरान आम लोगों की आवाजाही को भी सीमित रखा गया। एनआईए की टीम दोनों स्थानों पर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है।
जांच का दायरा बढ़ने की संभावना
सूत्रों की मानें तो इस मामले में जांच का दायरा आगे बढ़ सकता है। जिले में संचालित अन्य विस्फोटक भंडारण केंद्रों और इससे जुड़े कारोबारियों की भी जांच किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल एनआईए की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि एजेंसी को इस मामले में कौन-कौन से महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।






