—सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग के बीच अभिनेत्री ने दिया जवाब, कहा- विजय ने मुश्किल समय में मेरा साथ दिया और आज मैं बेहद खुश हूं
मुंबई, 26 अक्टूबर । अभिनेत्री रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा इन दिनों अपने रिश्ते को लेकर चर्चा में हैं। ‘कॉफी विद करण’ के दूसरे एपिसोड में नजर आने के बाद दोनों सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना कर रहे हैं। विजय के खिलाफ नकारात्मक टिप्पणियों के साथ रश्मिका को भी उन्हें 100 बार प्रपोज करने की बात पर निशाना बनाया गया। अब अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर ट्रोल करने वालों को जवाब दिया है। उन्होंने साफ कहा कि वह विजय को 100 नहीं, बल्कि 1000 बार प्रपोज करने के लिए तैयार हैं।
सोशल मीडिया की प्रतिक्रियाओं से हुईं भावुक
रश्मिका ने अपनी पोस्ट में इंटरनेट पर चल रही बहस पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह उन्हें ऐसी गुस्साई भीड़ की तरह लगती है, जो अपना गुस्सा निकालने के लिए किसी एक व्यक्ति को निशाना बना रही है। अभिनेत्री के मुताबिक, लोगों की प्रतिक्रियाओं ने उन्हें भावनात्मक रूप से प्रभावित किया है।
प्रपोजल की संख्या से ज्यादा जरूरी है एक-दूसरे को समझना
रश्मिका ने कहा कि उनके और विजय के लिए प्रपोजल की संख्या या किसी भव्य आयोजन से ज्यादा अहम एक-दूसरे को समझने के लिए समय निकालना है। उन्होंने विजय को सोच-समझकर फैसले लेने वाला व्यक्ति बताया और कहा कि दोनों एक-दूसरे की जिंदगी में जरूरी संतुलन लेकर आते हैं।
‘शादी का मतलब साथ मिलकर भविष्य बनाना’
अपने रिश्ते का बचाव करते हुए अभिनेत्री ने कहा कि शादी का अर्थ उनके लिए साथ मिलकर जीवन और भविष्य बनाना है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह अपने पार्टनर को लेकर बेहद भावुक हैं और इसमें कुछ भी गलत नहीं है। रश्मिका के अनुसार, किसी रिश्ते में अपने साथी के प्रति प्यार और भावनाएं जाहिर करना स्वाभाविक है।
मुश्किल समय में विजय ने दिया साथ
रश्मिका ने बताया कि मुश्किल वक्त में विजय उनके साथ खड़े रहे, जबकि उस समय सोशल मीडिया पर उनके समर्थन में लोग मौजूद नहीं थे। अभिनेत्री ने कहा कि वह आज बेहद खुश हैं और उनकी खुशी उनके चेहरे पर भी दिखाई देती है।
प्रशंसकों का जताया आभार, परिवार पर टिप्पणियों पर उठाए सवाल
अभिनेत्री ने अपने प्रशंसकों का आभार जताते हुए उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही, उन्होंने अपने परिवार को लेकर की जा रही टिप्पणियों पर भी सवाल उठाए। रश्मिका के इस बयान को सोशल मीडिया पर उनके रिश्ते को लेकर हो रही चर्चाओं के बीच ट्रोलिंग का सीधा जवाब माना जा रहा है।






