—वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का शुभारंभ, प्रयागराज रामबाग और राजातालाब के लिए भी शुरू हुई रेल सेवा; रेलमंत्री ने कहा- बुलेट ट्रेन कॉरिडोर से जुड़ेंगे वाराणसी, अयोध्या और आगरा
वाराणसी, 31 अक्टूबर । केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बनारस रेलवे स्टेशन से वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सहित अन्य रेल सेवाओं का शुभारंभ किया। दोनों नेताओं ने वाराणसी-प्रयागराज रामबाग और बनारस-राजातालाब ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के संचालन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि रेलवे सभी वर्गों, विशेषकर मध्यम वर्ग और वंचित तबके की सुविधाओं का लगातार ध्यान रख रहा है। नई स्लीपर ट्रेन से यात्री रात में वाराणसी से रवाना होकर सुबह दिल्ली पहुंच सकेंगे। इसी तरह दिल्ली से वाराणसी आने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि ट्रेन का किराया भी सामान्य यात्रियों को ध्यान में रखकर निर्धारित किया गया है।
बुलेट ट्रेन के नॉर्थ कॉरिडोर को मंजूरी
रेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बुलेट ट्रेन के नॉर्थ कॉरिडोर को भी मंजूरी दे दी है। इस कॉरिडोर में वाराणसी, अयोध्या और आगरा समेत कई शहरों को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल सेवा से वाराणसी और दिल्ली के बीच की दूरी महज 3 घंटे 33 मिनट में पूरी की जा सकेगी।
10 मेमू सेवाओं का भी हुआ शुभारंभ
रेल मंत्री ने बताया कि शनिवार को वाराणसी में 10 मेमू ट्रेन सेवाओं का भी उद्घाटन किया गया। इन सेवाओं से स्थानीय यात्रियों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। वाराणसी से राजातालाब के लिए मासिक सीजन टिकट (एमएसटी) का किराया 95 रुपये और वाराणसी से प्रयागराज रामबाग के लिए 220 रुपये निर्धारित किया गया है।
आध्यात्मिक राजधानी को राष्ट्रीय राजधानी से जोड़ेगी स्लीपर ट्रेन : योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 15 फरवरी 2019 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली से वाराणसी के बीच पहली वंदे भारत ट्रेन का उद्घाटन किया था। वह चेयर कार ट्रेन थी, जबकि अब शुरू हुई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन आध्यात्मिक राजधानी काशी को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से जोड़ने का काम करेगी।
उन्होंने कहा कि काशी से प्रयागराज के बीच मेमू ट्रेनों का संचालन दो आध्यात्मिक शहरों के साथ शिक्षा के महत्वपूर्ण केंद्रों को जोड़ने में मददगार होगा।
रेलवे सुविधाओं और सुरक्षा में हुआ सुधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे क्रॉसिंग पर कर्मचारियों की तैनाती और अंडरपास जैसी व्यवस्थाओं के जरिए दुर्घटनाओं को रोकने में सफलता मिली है। रेलगाड़ियों की गति बढ़ी है और यात्रियों को लगातार बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि माल ढुलाई गलियारे से भी स्थानीय लोगों को लाभ हुआ है।
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि काशी के रेलवे स्टेशनों पर साफ-सफाई के साथ आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। रेलवे के विकास से यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल रहा है।

कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत किया। प्रयागराज रामबाग से उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित स्थानीय विधायक वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, विधायक डॉ. सुनील पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य श्याम नारायण सिंह ‘विनीत सिंह’, विशाल सिंह चंचल, अन्नपूर्णा सिंह और राय धर्मेंद्र सिंह के साथ मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, अपर पुलिस कमिश्नर शिवहरी मीणा और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार भी उपस्थित रहे।






