—दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंचे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी
उत्तर प्रदेश: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को रायबरेली दौरे के दौरान केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में अब “आर्थिक तूफान” आने वाला है और प्रधानमंत्री मोदी ने जो आर्थिक ढांचा तैयार किया था, वह टूटने की कगार पर है।
“किसान, व्यापारी और आम जनता को भुगतना पड़ेगा नुकसान”
रायबरेली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि आने वाले समय में किसान, छोटे व्यापारी और आम आदमी को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद विदेश दौरे कर रहे हैं, जबकि दूसरों को जाने से रोका जा रहा है।
रायबरेली दौरे पर हुआ भव्य स्वागत
राहुल गांधी अपने दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे के तहत मंगलवार को रायबरेली पहुंचे। चूरूवा बॉर्डर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान राहुल गांधी ने वहां स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
मंदिर परिसर के बाहर मौजूद कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।
बारात घर का किया उद्घाटन
रायबरेली दौरे के दौरान राहुल गांधी बछरावां भी पहुंचे, जहां उन्होंने भक्तिन खेड़ा गांव में सांसद निधि से बने बारात घर का उद्घाटन किया। करीब 15 लाख रुपये की लागत से बने इस भवन का शिलान्यास भी राहुल गांधी ने ही किया था।
महिलाओं और कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद
दौरे के दौरान राहुल गांधी कई अन्य कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे। उनका लालगंज में महिलाओं के साथ बैठक और संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके अलावा वह कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से भी मुलाकात करेंगे।
मंगलवार शाम को राहुल गांधी भुएमऊ गेस्ट हाउस पहुंचेंगे, जहां वह रात्रि विश्राम करेंगे।
बुधवार को अमेठी दौरा भी
बुधवार सुबह राहुल गांधी जनप्रतिनिधियों, संगठन के पदाधिकारियों और आम लोगों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह लोधवारी में बीरा पासी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करेंगे और जनप्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे।
अपने दौरे के दौरान राहुल गांधी अमेठी में भी एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। साथ ही दिवंगत कांग्रेस नेता योगेंद्र मिश्रा के आवास जाकर उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त करेंगे। इसके बाद वह लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।






