रांची: रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में महिला कैदी के कथित यौन शोषण मामले को लेकर झारखंड हाई कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है। मामले की सुनवाई जस्टिस रोंगोन मुखोपाध्याय एवं जस्टिस प्रदीप कुमार श्रीवास्तव की अदालत में 22 मई को वेकेशन कोर्ट में सुबह 9 बजे होगी।
मीडिया में खबर सामने आने के बाद झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार ने डालसा टीम को जांच का निर्देश दिया था। इसके बाद सदस्य सचिव कुमारी रंजना अस्थाना की निगरानी और न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में एक विशेष जांच टीम गठित की गई।
जांच टीम में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, डालसा सचिव, महिला एलएडीसी समेत अन्य महिला एलएडीसी को शामिल किया गया। टीम ने केंद्रीय कारा पहुंचकर पूरे मामले की जांच की।
जांच के दौरान पाया गया कि जेल के किसी भी वार्ड में शिकायत पेटी उपलब्ध नहीं थी। इस पर जेल अधीक्षक को सभी वार्डों में शिकायत पेटी लगाने का निर्देश दिया गया। टीम ने पीड़िता, जेपीएलबी और जेल चिकित्सक का बयान भी दर्ज किया है।
जांच के बाद विस्तृत रिपोर्ट झालसा को भेज दी गई है। वहीं, इस मामले की जांच रांची जिला प्रशासन और जेल आईजी की ओर से गठित अलग टीम भी कर रही है।






