रांची, 03 सितंबर । यूजीसी नीट जून-2026 परीक्षा के कदाचार मुक्त एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर रांची जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्र के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर रांची कुमार रजत ने गुरुवार को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा-163 के तहत यह आदेश जारी किया।
पांच या अधिक लोगों के जुटने पर प्रतिबंध
प्रशासन को आशंका है कि परीक्षा केंद्र के आसपास असामाजिक तत्व भीड़ जुटाकर विधि-व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास कर सकते हैं। इसे देखते हुए केंद्र के 200 मीटर के दायरे में पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एक स्थान पर एकत्र होने पर रोक लगा दी गई है। इसके अलावा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल, अस्त्र-शस्त्र या हरवे-हथियार लेकर चलने तथा किसी बैठक या आमसभा के आयोजन पर भी प्रतिबंध रहेगा।
सरकारी कार्य और शवयात्रा को छूट
जारी आदेश के अनुसार, सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारी एवं कर्मचारी, सरकारी कार्यक्रम तथा शवयात्रा को इन प्रतिबंधों से छूट दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
9 और 10 सितंबर को होगी परीक्षा
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) से प्राप्त सूचना के आधार पर यूजीसी नीट जून-2026 परीक्षा 9 और 10 सितंबर को रांची में आयोजित की जाएगी। आदेश के मुताबिक निषेधाज्ञा दोनों दिनों सुबह छह बजे से रात नौ बजे तक प्रभावी रहेगी।
तुपुदाना में निर्धारित है परीक्षा केंद्र
परीक्षा का आयोजन आईओएन डिजिटल जोन आईडीजेड तुपुदाना, थ्री आई टेक, 52 पी, 53, तुपुदाना इंडस्ट्रियल एरिया, प्रेमसन्स मोटर के पास, रांची में निर्धारित है। परीक्षा केंद्र के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति
परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल, पुलिस पदाधिकारी और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा के दौरान शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं।






