रांची: राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में हुए तनवीर अंसारी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है और घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का लेग गार्ड भी बरामद कर लिया है।
शिकायत के बाद दर्ज हुई प्राथमिकी
पुलिस के अनुसार, फिरदौस नगर मनीटोला निवासी खतीजा खातून की शिकायत पर 26 मई को डोरंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनके पति तनवीर अंसारी के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। बाद में रिम्स में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जिसके बाद मामला हत्या में दर्ज किया गया।
पुराना विवाद बना वजह
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि तनवीर अंसारी और मुख्य आरोपित जावेद अख्तर के परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी कारण पहले भी कई बार दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और झगड़े हो चुके थे।
बाइक के लेग गार्ड से किया हमला
पुलिस जांच में सामने आया कि 26 मई की सुबह जावेद अख्तर और मोहम्मद इजाज अपने घर के पास मौजूद थे। उसी दौरान तनवीर अंसारी बाइक से वहां पहुंचे, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि जावेद अख्तर ने बाइक के लोहे के लेग गार्ड से पीछे से हमला कर दिया, जिससे तनवीर अंसारी के सिर पर गंभीर चोट आई और वे गिर पड़े। इसके बाद भी उनके साथ मारपीट की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों जावेद अख्तर और मोहम्मद इजाज को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी दीपिका ने बताया कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि पुराना विवाद ही इस घटना की मुख्य वजह है।
पुलिस ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






