रांची के मांडर में 15.01 करोड़ की लागत से बने आधुनिक शीतगृह का उद्घाटन, किसानों को मिलेगा उपज सुरक्षित रखने का लाभ

Share

—कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बुढ़ाखुखरा में किया शुभारंभ, 100 किलोवाट सौर ऊर्जा संयंत्र शुरू; किसान संगठनों को 1.04 करोड़ रुपये की परिसंपत्तियां वितरित

रांची, 26 अक्टूबर । झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने सोमवार को रांची जिले के मांडर प्रखंड अंतर्गत बुढ़ाखुखरा में 15.01 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक शीतगृह का उद्घाटन किया। पांच हजार मीट्रिक टन क्षमता वाले इस शीतगृह के साथ 100 किलोवाट क्षमता वाले सौर ऊर्जा संयंत्र की भी शुरुआत की गई। इस अवसर पर सहकारी समितियों और किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को कृषि उत्पादों के परिवहन एवं विपणन के लिए एक करोड़ चार लाख 50 हजार रुपये की परिसंपत्तियां वितरित की गईं।

फलों और सब्जियों के भंडारण के लिए मल्टी-चेंबर व्यवस्था

लगभग दो एकड़ क्षेत्र में निर्मित इस शीतगृह में मल्टी-चेंबर व्यवस्था और फ्रेऑन गैस आधारित रेफ्रिजरेशन तकनीक का उपयोग किया गया है। फलों और हरी सब्जियों के भंडारण के लिए 125-125 मीट्रिक टन क्षमता वाले दो अलग-अलग चैंबर बनाए गए हैं। शीतगृह के संचालन की जिम्मेदारी बेंगलुरु की मेसर्स रेडवुड होल्डिंग्स एंड रियल्टी सर्विसेज एलएलपी को सौंपी गई है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि शीतगृह शुरू होने से किसानों को अपनी उपज लंबे समय तक सुरक्षित रखने की सुविधा मिलेगी। इससे फसल की बर्बादी कम करने और बाजार में उचित समय पर उपज बेचकर बेहतर मूल्य प्राप्त करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत, उनकी उपज और आय को सुरक्षित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

वर्ष 2018 में शुरू हुई थी परियोजना

शिल्पी नेहा तिर्की ने बताया कि बुढ़ाखुखरा शीतगृह परियोजना की शुरुआत वर्ष 2018 में हुई थी, लेकिन कोरोना महामारी सहित विभिन्न कारणों से निर्माण कार्य अधूरा रह गया था।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में विधायक बनने के बाद उन्होंने परियोजना की स्थिति का जायजा लिया और इसे दोबारा शुरू कराने के लिए प्रयास किए। वर्ष 2024 में कृषि मंत्री का पदभार संभालने के बाद उन्होंने सबसे पहले इस परियोजना की फाइल मंगवाई और लंबित कार्यों को पूरा करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कराई। इसके बाद निर्माण कार्य पूरा हो सका।

किसान संगठनों को वाहन और विपणन सुविधाएं

कार्यक्रम के दौरान सहकारी समितियों और किसान उत्पादक संगठनों को कृषि उत्पादों की ढुलाई एवं बिक्री में मदद देने के उद्देश्य से नौ पिकअप वाहन, दो मिनी ट्रक और दो मोबाइल वेंडिंग कार्ट वितरित किए गए। इन परिसंपत्तियों से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने और उसके विपणन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

कृषि मंत्री ने इस अवसर पर टांगरबसली बाजार शेड का भी उद्घाटन किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, किसान संगठनों के सदस्य और अन्य लोग उपस्थित थे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031