गिरिडीह, 04 सितंबर । सरिया प्रखंड के कुसमाडीह पंचायत भवन में उस समय हंगामा मच गया, जब ग्रामीणों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ललित नारायण तिवारी समेत एसआईआर कार्य में लगे कर्मियों को पंचायत भवन के अंदर कथित तौर पर बंधक बना लिया। ग्रामीणों ने पंचायत भवन के मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगा दिया और बीडीओ से माफी की मांग को लेकर देर रात तक प्रदर्शन किया।
युवक से कथित मारपीट के बाद बढ़ा आक्रोश
घटना शाम करीब 4:30 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि एसआईआर कार्य के निरीक्षण के दौरान बीडीओ कर्मियों को डांट-फटकार कर रहे थे। इसी दौरान गांव के युवक मोहम्मद आजाद अंसारी मोबाइल से घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग करने लगे।
ग्रामीणों के मुताबिक, मोबाइल से रिकॉर्डिंग किए जाने पर बीडीओ नाराज हो गए और युवक के साथ गला दबाकर मारपीट की गई। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
देखते ही देखते पंचायत भवन पहुंचे सैकड़ों ग्रामीण
युवक के साथ कथित मारपीट की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पंचायत भवन पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने बीडीओ समेत एसआईआर कार्य से जुड़े सभी कर्मियों को अंदर ही रोक दिया और मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगा दिया।
ग्रामीणों ने बीडीओ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घटना की निंदा की और उनसे पीड़ित युवक तथा ग्रामीणों से माफी मांगने की मांग की।
चार थानों से पहुंचा पुलिस बल
घटना की सूचना मिलने के बाद शाम करीब छह बजे सरिया पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को देखते हुए बगोदर, बिरनी और डुमरी से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर बीडीओ और अन्य कर्मियों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे।
एसडीएम और एसडीपीओ ने संभाला मोर्चा
बाद में सरिया एसडीएम संतोष कुमार गुप्ता और एसडीपीओ धनंजय राम भी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। काफी समझाने-बुझाने के बाद बीडीओ को पंचायत भवन से बाहर निकाला जा सका।
एसडीएम ने बीडीओ को बंधक बनाए जाने की पुष्टि की
सरिया एसडीएम संतोष कुमार गुप्ता ने बीडीओ को ग्रामीणों द्वारा पंचायत भवन में बंधक बनाए जाने की घटना की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि वह घटनास्थल पर पहुंचे हैं और पूरी वस्तुस्थिति से अवगत होने के बाद आगे की जानकारी दी जाएगी।
देर रात तक तनावपूर्ण रहा माहौल
समाचार भेजे जाने तक पंचायत भवन के बाहर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई थी और लोग अपनी मांग पर अड़े थे। घटना के बाद कुसमाडीह पंचायत भवन के आसपास देर रात तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। प्रशासन और पुलिस की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही थी।






