—झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश समेत कई नेता रहे मौजूद, सरकार और गठबंधन के बीच समन्वय मजबूत करने पर जोर
रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान राज्य में संचालित विकास योजनाओं, मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी रणनीतियों समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
विकास योजनाओं की प्रगति पर हुई चर्चा
मुलाकात के दौरान राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनहितकारी और विकासात्मक योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श किया गया। योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने और विकास कार्यों को जमीनी स्तर पर गति देने से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।
गठबंधन के बीच समन्वय मजबूत करने पर जोर
बैठक में राज्य के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य और आगामी रणनीतियों पर भी मंथन किया गया। सरकार और गठबंधन के बीच आपसी तालमेल को और मजबूत बनाने तथा संगठनात्मक समन्वय बेहतर करने पर जोर दिया गया।

कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
इस मुलाकात के दौरान झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक प्रदीप यादव और विधायक राजेश कच्छप भी मौजूद रहे। बैठक को राज्य सरकार और कांग्रेस संगठन के बीच समन्वय के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।






