महावीर मंदिर में हनुमान जयंती पर उमड़ा जनसैलाब, 8200 किलो नैवेद्यम की रिकॉर्ड बिक्री

Share

पटना: हनुमान जयंती के अवसर पर राजधानी पटना स्थित महावीर मंदिर में गुरुवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर को फल-फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया, जो भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।

भीषण गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गर्भगृह में 80 टन क्षमता का चार-डक्ट एसी लगाया गया, जिससे दर्शन के दौरान भक्तों को राहत मिली। हनुमान जयंती के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के साथ सत्यनारायण भगवान की पूजा भी कराई।

मंदिर में वीआईपी श्रद्धालुओं की भी मौजूदगी रही। मंत्री अशोक चौधरी और राम कृपाल यादव ने पूजा-अर्चना की। आरती के दौरान अशोक चौधरी ने शंखनाद किया। महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायण कुणाल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रवेश द्वार पर आधुनिक सुरक्षा जांच मशीनें भी लगाई गई हैं, जिनसे हेड काउंटिंग की सुविधा भी उपलब्ध है।

हनुमान जयंती के अवसर पर नैवेद्यम की मांग में भी उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई। मंदिर प्रशासन के अनुसार, दिनभर में लगभग 8200 किलोग्राम नैवेद्यम की बिक्री हुई।

सुरक्षा व्यवस्था सख्त

भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सरकारी और निजी सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। आईजी जितेंद्र राणा ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने महावीर मंदिर टीओपी में स्थायी प्रभारी की नियुक्ति, बैगेज स्कैनर लगाने और सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। साथ ही, मंदिर खुलने से बंद होने तक पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।

परंपरा और मान्यता

पंडित भवनाथ झा के अनुसार, मंदिर में रामानन्दाचार्य की परंपरा के अनुसार कार्तिक मास में कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को विधिवत हनुमान जयंती मनाई जाती है। हालांकि, बीते कुछ वर्षों से चैत्र पूर्णिमा के दिन भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं। इसी को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष परंपरागत विधि से विशेष पूजा, ध्वज-पूजन आदि अनुष्ठान कार्तिक मास में 7 नवंबर को आयोजित किए जाएंगे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031