‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने बताई ऐसी वेबसाइट, एक क्लिक में जान सकेंगे कब-कहां किसका था शासन

Share

नई दिल्ली, 30 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड में एक ऐसी वेबसाइट का जिक्र किया, जिसके जरिए भारतीय इतिहास के अलग-अलग कालखंडों में देश के विभिन्न हिस्सों में किसका शासन था, इसकी जानकारी हासिल की जा सकती है। प्रधानमंत्री ने बताया कि bharatrajya.com पर वर्ष चुनकर संबंधित समय में भारत के किस क्षेत्र में किसका शासन था, यह आसानी से जाना जा सकता है।

कृष्ण शेषाद्रि से फोन पर की बातचीत

प्रधानमंत्री ने वेबसाइट बनाने वाले कृष्ण शेषाद्रि से फोन पर बातचीत भी की। शेषाद्रि ने बताया कि भारतीय इतिहास में आम तौर पर कुछ गिने-चुने शासकों के बारे में ही पढ़ाया जाता है, जबकि देश का इतिहास अनेक नायकों और शासकों की गाथाओं से भरा हुआ है। प्रधानमंत्री ने वेबसाइट को सरल और उपयोगी बताते हुए इसे इतिहास को समझने का एक अच्छा माध्यम बताया।

‘नशा मुक्ति युवा, ड्रग्स मुक्त भारत’ का आह्वान

‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने देश को नशामुक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने सरकार की ओर से चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि यह अभियान देशभर में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इसका लक्ष्य ‘नशा मुक्ति युवा, ड्रग्स मुक्त भारत’ बताया।

‘सूर्यपथ तिरंगा’ कार्यक्रम का किया उल्लेख

प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित ‘सूर्यपथ तिरंगा’ कार्यक्रम का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में सूर्य की पहली किरण के साथ तिरंगा फहराया गया। फिजी में सुबह की पहली किरण के साथ तिरंगा फहराने के बाद एशिया, अफ्रीका और यूरोप होते हुए अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को तक भारतीय मिशनों और पोस्ट पर तिरंगा लहराया गया।

महिला स्ट्रीट वेंडर्स के लिए पीएम स्वनिधि योजना का जिक्र

पीएम मोदी ने पीएम स्वनिधि योजना का जिक्र करते हुए कहा कि यह योजना लाखों महिला स्ट्रीट वेंडर्स को अपना कारोबार बढ़ाने और बेहतर भविष्य बनाने में मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत होने का अवसर मिल रहा है।

स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने पर जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वच्छता अब जनता का संकल्प बनती जा रही है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के रामपुर में स्थानीय स्तर पर चल रहे सफाई अभियानों और अमरनाथ यात्रा के दौरान स्वच्छता के लिए किए जा रहे प्रयासों का उदाहरण देते हुए जनभागीदारी की सराहना की।

नागालैंड की वेसालु पुरो ने फूलों से बनाया कारोबार

प्रधानमंत्री ने सफलता की कई प्रेरक कहानियां भी साझा कीं। उन्होंने नागालैंड के फेख जिले की वेसालु पुरो का उल्लेख किया, जिन्होंने फूलों के प्रति अपने जुनून को सफल व्यवसाय में बदल दिया। वहीं, ओडिशा के देब्रिगढ़ क्षेत्र की मैथिली भुए जी की वन उत्पादों पर निर्भरता से पर्यावरण-पर्यटन से जुड़ने तक की यात्रा का भी जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे कई महिलाओं को वन संरक्षण में योगदान देने की प्रेरणा मिली।

एवोकाडो की खेती से किसानों को मिल रहा लाभ

पीएम मोदी ने भारत में एवोकाडो की बढ़ती खेती का भी उल्लेख किया। उन्होंने आंध्र प्रदेश के कडपा के वरदराज और तमिलनाडु के कोडाइकनाल के चंद्रशेखर का उदाहरण देते हुए बताया कि किस तरह किसान इस फल की खेती से अपनी आय बढ़ा रहे हैं।

108 देशों की छात्राओं को जोड़ रहा ‘मिशन शक्तिसैट’

प्रधानमंत्री ने ‘मिशन शक्तिसैट’ की जानकारी देते हुए कहा कि यह 108 देशों की छात्राओं को एक मंच पर ला रहा है। इसके जरिए छात्राओं को उपग्रह प्रौद्योगिकी के साथ विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के नए क्षेत्रों को समझने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में मिशन के दूसरे चरण की शुरुआत हुई, जिसमें दुनिया के विभिन्न देशों से आई करीब 100 छात्राएं शामिल हुईं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मिशन का लक्ष्य छात्रों की भागीदारी से तैयार एक उपग्रह को चंद्रमा की कक्षा में भेजने की तैयारी करना है।

उत्तम कुमार को किया याद

कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री ने महान अभिनेता उत्तम कुमार को याद किया। उन्होंने कहा कि अपने शानदार अभिनय, समर्पण और हर किरदार को जीवंत करने की क्षमता के कारण उत्तम कुमार भारतीय सिनेमा के अविस्मरणीय प्रतीक बने। प्रधानमंत्री ने बताया कि 3 सितंबर को उनकी जन्म-शताब्दी है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930