– तेंदुनी गांव में घर से मिले दोनों के शव, संपत्ति विवाद की आशंका से जांच में जुटी पुलिस
भोजपुर, 04 नवंबर । बिहार के भोजपुर जिले में दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदुनी गांव में मंगलवार देर रात एक बुजुर्ग महिला और उसके छोटे बेटे की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह घर से दोनों के शव बरामद हुए। पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतका के बड़े बेटे और बहू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे संपत्ति विवाद की आशंका जताई जा रही है।
गर्दन और पेट पर मिले धारदार हथियार के निशान
मृतकों की पहचान तेंदुनी गांव निवासी विश्वामित्र सिंह की 60 वर्षीय पत्नी रामवती कुंवर और उनके 30 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों के गर्दन, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले हैं। घटनास्थल से एक हथौड़ी भी बरामद हुई है। आशंका है कि हत्या के दौरान इसका भी इस्तेमाल किया गया हो।
बड़े बेटे और बहू को हिरासत में लेकर पूछताछ
दोहरी हत्या की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रवि कुमार और जगदीशपुर थानाध्यक्ष आशीष कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घर और आसपास के इलाके का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतका के बड़े बेटे दिनेश कुमार और उसकी पत्नी शांति देवी को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि दिनेश के एक हाथ पर चोट का निशान भी मिला है। पुलिस इस चोट के कारणों का पता लगा रही है।
दिनेश ने सुनाई आठ नकाबपोश अपराधियों की कहानी
पुलिस हिरासत में दिनेश कुमार ने पूछताछ के दौरान दावा किया कि मंगलवार देर रात करीब डेढ़ बजे आठ नकाबपोश अपराधी घर में घुस आए थे। उस समय उसकी मां रामवती कुंवर और छोटा भाई सुनील कुमार कमरे में सो रहे थे। अपराधियों ने दोनों पर हमला कर उनकी हत्या कर दी।
दिनेश के अनुसार, मां और भाई को बचाने के प्रयास में उसके हाथ में भी चोट लग गई। हालांकि, पुलिस उसके बयान की सत्यता की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि घर में वास्तव में बाहरी अपराधी दाखिल हुए थे या घटना के पीछे कोई अन्य वजह है।
एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया। टीम ने वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार, घटनाक्रम और संभावित आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है।
संपत्ति विवाद के साथ-साथ हत्या के अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखकर अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस हिरासत में लिए गए दिनेश कुमार और शांति देवी से पूछताछ के अलावा वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी पड़ताल कर रही है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच और पूछताछ पूरी होने के बाद ही हत्याकांड की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। दोहरे हत्याकांड के बाद तेंदुनी गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव के लोग घटना से स्तब्ध हैं।






