– तीन मैचों की सीरीज में भारत ने बनाई 1-0 की बढ़त, चौहान का हरफनमौला प्रदर्शन
राजकोट, 18 सितंबर । यशवर्धन चौहान के हरफनमौला प्रदर्शन और अनवय द्रविड़ की तूफानी पारी की बदौलत भारतीय अंडर-19 टीम ने बारिश से प्रभावित पहले युवा एकदिवसीय मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 को सात रन से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली।
बारिश के बाद 20-20 ओवर का हुआ मुकाबला
बारिश के कारण मुकाबले को 20-20 ओवर का कर दिया गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने छह विकेट पर 182 रन बनाए। यशवर्धन चौहान ने 34 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 54 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।
छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे अनवय द्रविड़ ने महज 18 गेंदों में 38 रन ठोक दिए। उनकी पारी में दो चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 211.11 रहा।
चौहान-अनवय ने संभाली लड़खड़ाती पारी
भारत ने 12वें ओवर तक 88 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद चौहान और अनवय द्रविड़ ने पांचवें विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से ऑफ स्पिनर एली ब्रेन ने चार ओवर में 29 रन देकर दो विकेट लिए।
कोजनेक के अर्धशतक से रोमांचक हुआ मुकाबला
183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अच्छी शुरुआत की। उसके शीर्ष चार बल्लेबाजों में से तीन ने 40 या उससे अधिक रन बनाए। कप्तान जैक कोजनेक ने 27 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से 55 रन बनाकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया।
ऑस्ट्रेलिया को आखिरी 11 गेंदों में 24 रन की जरूरत थी। कोजनेक ने लगातार तीन गेंदों पर चौके लगाए और 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन अगली ही गेंद पर आउट हो गए।
आखिरी ओवर में मोहित उलवा ने दिलाई जीत
कोजनेक के आउट होने के बाद ऑस्ट्रेलिया को अंतिम ओवर में 11 रन की जरूरत थी। भारत के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहित उलवा ने दबाव के बीच शानदार गेंदबाजी करते हुए आखिरी ओवर में केवल तीन रन दिए और भारत को सात रन से जीत दिला दी।
गेंदबाजी में भी चमके चौहान
यशवर्धन चौहान ने गेंदबाजी में भी अहम योगदान दिया। ऑफ स्पिनर चौहान ने ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख बल्लेबाज हेडन बारबुलोविच को 24 गेंदों पर 40 रन और नील पटेल को 21 गेंदों पर 45 रन के स्कोर पर आउट किया। चौहान ने चार ओवर में 28






