भाजपा का हेमंत सरकार पर हमला, टोरी आरओबी से लेकर कानून-व्यवस्था और SIR तक उठाए सवाल

Share

चंदवा में प्रेस वार्ता के दौरान प्रतुल शाहदेव बोले- भूमि अधिग्रहण में देरी से विकास परियोजनाएं प्रभावित, आदिवासी छात्रा की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग

लातेहार: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के आह्वान पर रविवार को लातेहार जिले के चंदवा में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी मुनीर उरांव तथा जिलाध्यक्ष बंशी यादव ने संयुक्त रूप से संबोधित किया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने झारखंड सरकार की कार्यशैली, कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कई सवाल उठाए।

भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने आरोप लगाया कि झारखंड में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि राज्य में हत्या, बलात्कार और अपहरण जैसी घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन सरकार इन मामलों पर गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने दावा किया कि लगातार दूसरी बार सत्ता में रहने के बावजूद सरकार कोई बड़ा विकास कार्य धरातल पर नहीं उतार सकी है।

टोरी आरओबी परियोजना पर सरकार को घेरा

प्रेस वार्ता में प्रतुल शाहदेव ने टोरी रेलवे ओवरब्रिज (ROB) परियोजना का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भूमि अधिग्रहण में देरी के कारण यह महत्वपूर्ण परियोजना सहित कई अन्य विकास योजनाएं रद्द होने की कगार पर पहुंच गई हैं। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं के लिए समय पर भूमि उपलब्ध कराना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन सरकार इस मोर्चे पर पूरी तरह विफल रही है।

उन्होंने कहा कि यदि टोरी आरओबी परियोजना रद्द होती है तो चंदवा और आसपास के लाखों लोगों को वर्षों तक जाम, आवागमन की परेशानी और दुर्घटनाओं के खतरे का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय सांसद और विधायक इस परियोजना को बचाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

SIR का किया समर्थन, विशेष कैंप का किया विरोध

प्रतुल शाहदेव ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का समर्थन करते हुए इसे लोकतंत्र को मजबूत करने वाली प्रक्रिया बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस अभियान के जरिए बड़ी संख्या में फर्जी, मृत और अवैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाएंगे।

हालांकि उन्होंने कहा कि यदि मस्जिदों और मदरसों के बाहर विशेष कैंप लगाए जाते हैं तो भाजपा इसका विरोध करेगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन भी करेगी।

आदिवासी छात्रा की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग

प्रदेश मंत्री मुनीर उरांव और जिलाध्यक्ष बंशी यादव ने चंदवा में हाल ही में हुई एक आदिवासी छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला उठाते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो भाजपा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। दोनों नेताओं ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।

प्रेस वार्ता में मंडल प्रभारी राकेश दुबे, पूर्वी मंडल अध्यक्ष आशीष सिंह, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष विनय कुमार (रिकी), विधायक प्रतिनिधि राजू उरांव, सांसद प्रतिनिधि दीपक निषाद, बबलू सोनी, रोहित शाहदेव, मंटू केसरी सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031