बरारी थाना क्षेत्र के बड़ी खंजरपुर स्थित मनीष लॉज की घटना, दो साल से भागलपुर में रहकर कर रहा था पढ़ाई; फोन नहीं उठाने पर परिजनों ने रिश्तेदार को भेजा था
भागलपुर, 17 नवंबर । बिहार के भागलपुर जिले में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 23 वर्षीय छात्र का शव सोमवार देर शाम एक लॉज के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना बरारी थाना क्षेत्र के बड़ी खंजरपुर स्थित महाराज घाट रोड की है। मृतक की पहचान नवगछिया के परबत्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुनिया निवासी पवन यादव के पुत्र रौशन कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है।
फोन नहीं उठाने पर परिजनों को हुई अनहोनी की आशंका
जानकारी के अनुसार, रौशन कुमार महाराज घाट रोड स्थित मनीष लॉज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। सोमवार दोपहर से ही परिजन उससे फोन पर संपर्क करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन बार-बार कॉल करने के बावजूद उसने फोन रिसीव नहीं किया।
काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने भागलपुर में रहने वाले एक रिश्तेदार को लॉज जाकर रौशन का हाल जानने के लिए कहा।
दरवाजा तोड़ने पर कमरे में मिला शव
सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे जब रिश्तेदार मनीष लॉज पहुंचे, तो रौशन के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने और दरवाजा खुलवाने का प्रयास करने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने बरारी थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर रौशन का शव रस्सी के फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर तत्काल मायागंज अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दो साल से भागलपुर में रहकर कर रहा था प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी
बताया जा रहा है कि रौशन कुमार दो भाइयों में बड़ा था। वह पिछले दो वर्षों से भागलपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। दीपावली की छुट्टी के बाद वह अपने घर से भागलपुर लौटा था। हाल ही में संपन्न छठ महापर्व के दौरान भी वह घर नहीं गया था।
रौशन की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। इधर, विक्रमशिला सेतु बंद होने के कारण नवगछिया से भागलपुर आने-जाने में हो रही परेशानी के चलते सूचना मिलने के बावजूद परिजन सोमवार देर शाम तक भागलपुर नहीं पहुंच सके।
एफएसएल टीम ने शुरू की जांच, कमरा किया गया सील
बरारी थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि इसके पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया गया है।
पुलिस ने एफएसएल टीम की जांच पूरी होने तक छात्र के कमरे को सील कर ताला बंद कर दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल छात्र की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।






