भागलपुर: भागलपुर जिले में गंगा नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नवगछिया अनुमंडल के रंगरा प्रखंड स्थित झल्लूदास टोला घाट पर स्नान कर रहे एक ही परिवार के तीन लोगों की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान अचानक गहराई में चले जाने से तीनों पानी में डूब गए और उन्हें बचाया नहीं जा सका।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और आगे की कार्रवाई शुरू की।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस हादसे पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने इसे बेहद दुखद बताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन विभाग को निर्देश दिया है कि पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए।
साथ ही, मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया गया है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार से इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की अपील की है।






