पटना, 20 अगस्त। बिहार में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 2 लाख 35 हजार आवासों का निर्माण पूरा हो गया है। गुरुवार को पटना के बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लाभुकों का गृह प्रवेश कराया। इस दौरान लाभुकों को आवास की चाबी और नए चयनित लाभुकों को स्वीकृति पत्र सौंपे गए।
बिहार में बनेंगे 11.18 लाख से अधिक पक्के मकान
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के हर गरीब परिवार को पक्का घर उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है। इसी क्रम में बिहार के उन परिवारों के लिए 11 लाख 18 हजार से अधिक पक्के मकानों की स्वीकृति दी जा रही है, जो अब तक कच्चे घरों में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे गरीब परिवारों को पक्की छत और अपना घर मिलेगा।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बिहार में पीएमएवाई-जी के तहत 11 लाख 18 हजार 937 पक्के मकान बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए केंद्र सरकार बिहार को 13,427 करोड़ रुपये की सहायता देगी।
2014 से अब तक 50 लाख मकानों का आवंटन : सम्राट चौधरी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की दिशा में बिहार लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1986 से 2014 तक इंदिरा आवास योजना के तहत बिहार में करीब 30 लाख पक्के मकान बनाए गए थे। वहीं, वर्ष 2014 से 2026 तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार के गरीब परिवारों के लिए 50 लाख पक्के मकानों का आवंटन किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 के सर्वे में चिन्हित 19 लाख परिवार पक्के मकान से वंचित रह गए थे। अब इन परिवारों को भी प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का लाभ दिया गया है।
आवास निर्माण में राज्य सरकार देगी 40 प्रतिशत राशि
मुख्यमंत्री ने बताया कि पीएमएवाई-जी के तहत बनने वाले पक्के मकानों में 40 प्रतिशत राशि बिहार सरकार की ओर से दी जाती है। उन्होंने केंद्र सरकार और केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री के सहयोग के लिए आभार जताया।
फसल बीमा और किसान आईडी का भी जिक्र
शिवराज सिंह चौहान ने बिहार सरकार को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में शामिल होने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि फसल को नुकसान होने पर किसानों को योजना के तहत भरपाई मिल सकेगी। पीएम आशा के तहत बिहार में इस बार मसूर की खरीद की गई है। उन्होंने कहा कि किसान आईडी बनाने के मामले में भी बिहार देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार के विकास और जनकल्याण का अभियान लगातार आगे बढ़ता रहेगा।
मंत्रियों ने भी रखे विचार
बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि डबल इंजन सरकार का ‘सबका साथ, सबका विकास’ का भाव अब जमीन पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराने और 11 लाख से अधिक नए परिवारों के लिए घर की व्यवस्था होने से राज्य में बड़ा बदलाव आएगा।
कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव एचआर श्रीनिवास ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी हिमांशु शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, लाभुक और उनके परिजन मौजूद रहे।





