बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ EOU की बड़ी कार्रवाई, बहादुरपुर BDO आनंद कुमार विभूति के पटना-दरभंगा समेत 5 ठिकानों पर रेड

Share

दरभंगा/पटना, 08 सितंबर। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने मंगलवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। ईओयू ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में दरभंगा के बहादुरपुर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) डॉ. आनंद कुमार विभूति के पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। टीम के मुजफ्फरपुर स्थित निजी आवास पर पहुंचते ही बीडीओ के कथित तौर पर फरार हो जाने की बात सामने आई है। उनकी पत्नी घर पर मौजूद थीं।

आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, डॉ. आनंद कुमार विभूति के खिलाफ ईओयू थाना कांड संख्या 21/26 दर्ज किया गया है। मामला 7 सितंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(2), 13(1)(बी) और भारतीय दंड संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत दर्ज किया गया।

ईओयू के मुताबिक, प्राथमिक साक्ष्यों के सत्यापन के बाद विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त किया गया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में मंगलवार अहले सुबह विभिन्न ठिकानों पर तलाशी अभियान शुरू किया गया।

वैध आय से 121.87 प्रतिशत अधिक संपत्ति का आरोप

जांच एजेंसी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बीडीओ की ज्ञात वैध आय और उनकी कथित संपत्ति के बीच बड़ा अंतर पाया गया है। ईओयू ने उनकी वैध आय का आकलन करीब 1 करोड़ 71 लाख 84 हजार रुपये किया है।

एजेंसी का दावा है कि उनकी वैध आय की तुलना में करीब 121.87 प्रतिशत अधिक अनुपातहीन संपत्ति का पता चला है। इसी आधार पर आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज कर तलाशी की कार्रवाई की जा रही है।

पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

ईओयू की अलग-अलग टीमें आरोपी बीडीओ के पांच ठिकानों पर एक साथ जांच कर रही हैं। इनमें मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित सरस्वती नगर (जमकपुरी मोहल्ला) का निजी आवास, पूर्वी चंपारण के चिरैया स्थित लालबेगिया का पैतृक आवास और पटना के दानापुर स्थित साई विहार अपार्टमेंट का फ्लैट नंबर 305 शामिल है।

इसके अलावा दरभंगा के बहादुरपुर स्थित बीडीओ के सरकारी कार्यालय और सरकारी आवास में भी ईओयू की टीमें तलाशी ले रही हैं।

टीम के पहुंचते ही फरार होने का दावा

ईओयू के अनुसार, आठ सदस्यीय टीम जब मुजफ्फरपुर स्थित बीडीओ के निजी आवास पर पहुंची तो डॉ. आनंद कुमार विभूति वहां से निकलकर कथित तौर पर फरार हो गए। हालांकि, उनकी पत्नी घर में मौजूद थीं। इसके बाद टीम ने आवास की तलाशी शुरू की।

दो महीने पहले ही बहादुरपुर में हुई थी पोस्टिंग

मामले से जुड़ा एक महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि डॉ. आनंद कुमार विभूति करीब दो महीने पहले ही मुजफ्फरपुर जिले के कांटी प्रखंड से स्थानांतरित होकर दरभंगा के बहादुरपुर प्रखंड में बीडीओ के पद पर पदस्थापित हुए थे।

दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े कागजात की जांच

फिलहाल ईओयू की टीमें सभी ठिकानों पर तलाशी और दस्तावेजों की जांच कर रही हैं। अधिकारियों द्वारा बैंक खातों, जमीन और मकान से जुड़े दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन तथा अन्य महत्वपूर्ण कागजात की जांच की जा रही है।

ईओयू का कहना है कि सभी ठिकानों पर तलाशी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बरामदगी और जांच से संबंधित विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी की जाएगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930