पूर्णिया। पूर्णिया में मंगलवार को अपराधियों ने शहर के बड़े कारोबारी के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। मक्का व्यवसाय के दिग्गज और शहर के सबसे बड़े मक्का गोदाम के मालिक जवाहर यादव के बेटे सूरज बिहारी पर बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की। वारदात मरंगा थाना क्षेत्र के नेवालाल चौक के पास हुई। जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि सूरज बिहारी जैसे ही अपनी कार से नीचे उतरे, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ 5 राउंड फायरिंग कर दी। इसमें 3 गोलियां सूरज को लगीं। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
लड़की विवाद में सूरज बिहारी की गोली मारकर हत्या
घटना की बाबत प्रत्यक्षदर्शी सूरज बिहारी के गार्ड प्रेम सिंह ने कहा कि सूरज बिहारी समझौता करने गए थे, जहां वह लोगों से बात कर रहे थे। तभी दूसरे पक्ष से 15-20 लोग आए और ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे और सूरज बिहारी को गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं प्रत्यक्षदर्शी सुबोध शर्मा ने कहा कि सरस्वती पूजा के दिन उनका बेटा सोशल मीडिया क्रिएटर है, उसने एक लड़की का वीडियो बनाकर अपने फेसबुक पर अपलोड किया था। इसके बाद उस लड़की के प्रेमी ने उनके बेटे के साथ मारपीट की। इसी बात को लेकर आज सूरज बिहारी का छोटा भाई भी आया था तो दूसरे पक्ष के लोगों ने उसके साथ भी मारपीट की। फिर जब समझौता करने के लिए सूरज बिहारी अपने गार्ड के साथ वहां पहुंचे तो बृजेश समेत दूसरे पक्ष के 15-20 लोग आए और ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे,इसी बीच सूरज बिहारी को गोली मार दी। निजी अस्पताल ले जाते समय सूरज बिहारी की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि लड़की के विवाद को लेकर ही यह घटना हुई है।
बताया जा रहा है कि सूरज बिहारी न सिर्फ एक व्यापारी थे, बल्कि सोशल मीडिया पर सक्रिय ब्लॉगर भी थे, जिससे उनकी पहचान इलाके में काफी चर्चित थी। वे अपने बॉडीगार्ड के साथ पंचायत में पहुंचे थे, इसके बावजूद हमलावरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया।

फायरिंग में सूरज बिहारी की फोर व्हीलर गाड़ी भी गोलियों से छलनी हो गई। वाहन के शीशे पूरी तरह चकनाचूर हैं और कई जगह गोलियों के निशान मिले हैं, जो हमलावरों की क्रूरता और दुस्साहस को दर्शाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हत्या किसी लड़की से जुड़े मामले में एकतरफा चाहत रखने वाले युवक द्वारा कराई गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
मौके पर पहुंची मरंगा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी है। इस घटना पर कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी जितेंद्र यादव ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा, “नेवालाल चौक का इलाका अब चंबल का रूप लेता जा रहा है। यहां लगातार हत्या और गोलीबारी हो रही है। प्रशासन को तुरंत विशेष ऑपरेशन चलाना चाहिए।” फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है, वहीं इस जघन्य हत्या से इलाके में भय और आक्रोश दोनों का माहौल है।





