पटना: बिहार पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। केंद्रीय चयन पर्षद (CSBC) ने मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल और चलंत दस्ता सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी करने की तारीख घोषित कर दी है। अभ्यर्थी 1 जून से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
सीएसबीसी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार भर्ती परीक्षा 14 और 17 जून को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए राज्य के सभी 38 जिलों में केंद्र बनाए गए हैं। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए अभ्यर्थियों को अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी।
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 4128 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें मद्य निषेध सिपाही के 1603 पद, कक्षपाल (जेल वार्डर) के 2417 पद और चलंत दस्ता सिपाही के 108 पद शामिल हैं।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर उसमें अंकित परीक्षा केंद्र, रिपोर्टिंग समय और अन्य निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।
वहीं दूसरी ओर, 1189 पदों के लिए आयोजित होने वाली BPSC 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर भी उम्मीदवारों में उत्साह देखा जा रहा है। आयोग को अब तक लगभग 3 लाख आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। यह परीक्षा 26 जुलाई को आयोजित की जाएगी।
बिहार में एक साथ बड़ी भर्तियों की प्रक्रिया तेज होने से लाखों युवाओं को सरकारी नौकरी पाने का अवसर मिलने जा रहा है।






