बिहार के राघोपुर में गंगा नदी में नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत;7 भर्ती, सीएम सम्राट चौधरी ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की

Share

—वैशाली के रामपुर श्यामचंद गांव के पास देर रात हुआ हादसा, मृतकों में 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चे शामिल; भोज खाने जा रहे थे नाव सवार

पटना/वैशाली, 14 अक्टूबर । बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में मंगलवार देर रात गंगा नदी में नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत हो गई। हादसे में सात लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। सभी मृतक 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चे बताए जा रहे हैं। इनमें से सात बच्चे एक ही परिवार के थे। वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अब तक 13 शव बरामद किए जा चुके हैं।

जिलाधिकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात सूचना मिली थी कि एक छोटी नाव पर सवार होकर करीब 20 बच्चे पड़ोस के गांव में भोज खाने जा रहे थे। इसी दौरान नाव पलट गई। हादसे में 13 बच्चों की मौत हो गई, जबकि सात लोगों को बचा लिया गया। सभी बचाए गए लोगों को इलाज के लिए एनएमसीएच भेजा गया है। प्रशासन के मुताबिक, उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।

बीच धारा में पलटी नाव, मची अफरा-तफरी

स्थानीय लोगों के मुताबिक, राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद गांव के समीप मंगलवार देर रात गंगा नदी में नाव असंतुलित होकर पलट गई। नाव में करीब 20 लोग सवार थे। नदी की बीच धारा में अचानक नाव पलटने से सभी लोग गहरे पानी में गिरने लगे। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और अपने स्तर से लोगों को बचाने की कोशिश शुरू कर दी। प्रशासन को सूचना मिलने के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे में 13 बच्चों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख, चार-चार लाख रुपये मुआवजे की घोषणा

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राघोपुर नाव हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि मासूम बच्चों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। उन्होंने प्रशासन को राहत और बचाव कार्य तेजी से पूरा करने तथा घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

तेजस्वी यादव ने राहत-बचाव कार्य तेज करने की अपील की

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि राघोपुर दियारा क्षेत्र में नाव पलटने की दुखद खबर मिली है और डूबने वालों में अधिकांश बच्चे हैं। उन्होंने सभी के सुरक्षित रहने की कामना की।

तेजस्वी यादव ने स्थानीय लोगों और प्रशासन से बातचीत कर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने की अपील की।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031